home page

बारुईपुर मॉब लिंचिंग मामला : मुख्यमंत्री के दौरे से पहले तीन और गिरफ्तार, अब तक पांच आरोपित धराए

 | 
बारुईपुर मॉब लिंचिंग मामला : मुख्यमंत्री के दौरे से पहले तीन और गिरफ्तार, अब तक पांच आरोपित धराए


कोलकाता, 11 जुलाई (हि.स.)। दक्षिण 24 परगना के बारुईपुर के सूर्यपुर में मॉब लिंचिंग में मारे गए युवक इंद्रजीत मंडल के घर शनिवार को मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी जाएंगे। उनके दौरे से पहले पुलिस ने मॉब लिंचिंग मामले में तीन और आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही इस मामले में गिरफ्तार आरोपितों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है।

पुलिस के अनुसार, इससे पहले इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया था। शुक्रवार रात तीन अन्य आरोपितों को दबोचा गया। वहीं, घटना के दौरान पुलिस पर हमले और रेल अवरोध से जुड़े अलग-अलग मामलों में भी कई लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

यह पूरा मामला पिछले रविवार सामने आया था, जब सूर्यपुर स्थित एक तालाब से 12 वर्षीय बालिका का शव बरामद हुआ था। आरोप है कि उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या की गई। शव मिलने के बाद इलाके में भारी तनाव फैल गया। इसी दौरान संदेह के आधार पर स्थानीय युवक इंद्रजीत मंडल की भीड़ ने बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई।

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने घटना के बाद मौके पर पहुंचकर कहा था कि इंद्रजीत मंडल निर्दोष थे और उनकी भीड़ द्वारा पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। उन्होंने पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिया था।

मुख्यमंत्री इससे पहले पीड़ित बालिका के परिवार और इंद्रजीत मंडल के परिजनों से भी मुलाकात कर चुके हैं। पीड़ित परिवार की मांग पर सूर्यपुर में नई पुलिस चौकी स्थापित करने की घोषणा की गई थी। प्रशासन ने पांच दिनों के भीतर चौकी का निर्माण पूरा कर लिया है। शनिवार को मुख्यमंत्री पहले बालिका के घर जाएंगे, इसके बाद इंद्रजीत मंडल के परिवार से मुलाकात करेंगे और फिर नई पुलिस चौकी का उद्घाटन करेंगे।

इंद्रजीत के परिवार का आरोप है कि घटना वाले दिन वह घर में सो रहे थे। कुछ लोग उन्हें जबरन घर से बाहर खींचकर ले गए और बुरी तरह पीटा, जिससे उनकी मौत हो गई। परिवार ने दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग की है। प्रशासन ने इंद्रजीत के घर की मरम्मत शुरू कर दी है और सुरक्षा के मद्देनजर घर के बाहर सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं।

उधर, नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म और हत्या के मामले में मुख्य आरोपितों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। इस मामले के एक आरोपित की पुलिस मुठभेड़ में मौत हो गई थी। पुलिस का दावा है कि घटनास्थल पर पुनर्निर्माण के दौरान उसने पुलिसकर्मी का हथियार छीनकर भागने की कोशिश की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में वह मारा गया। मुठभेड़ की घटना की भी जांच जारी है। शुक्रवार को फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से नमूने भी एकत्र किए।

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर