बारुईपुर दुष्कर्म-हत्या मामला : पुलिस मुठभेड़ में मारे गए आरोपित से मां ने किया किनारा, बोलीं- जो किया, उसका फल मिला
कोलकाता, 08 जुलाई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के बारुईपुर में नाबालिग से दुष्कर्म और हत्या मामले के मुख्य आरोपित प्रभास मंडल की पुलिस मुठभेड़ में मौत के बाद उसकी मां संध्या मंडल ने बेटे से पूरी तरह किनारा कर लिया है। उन्होंने कहा कि बेटे ने जो अपराध किया, उसका परिणाम उसे मिल गया। उन्होंने यह भी साफ कर दिया कि वह बेटे का शव देखने या लेने नहीं जाएंगी।
बुधवार तड़के पुलिस ने प्रभास की मौत की सूचना उसके परिवार को दी। संध्या मंडल ने बताया कि पुलिस उनके घर आई और पूछा कि क्या प्रभास मंडल उनका बेटा है। उनके हां कहने पर पुलिस ने बताया कि प्रभास की मौत हो गई है और पूछा कि क्या वह शव देखना चाहती हैं? इस पर उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि वह बेटे का शव देखने नहीं जाएंगी और न ही परिवार का कोई सदस्य उसे लेने जाएगा।
संध्या मंडल ने कहा कि उनका बेटा उनकी बात नहीं मानता था और नशे का आदी था। उन्होंने कहा, उसने जो किया, उसका फल उसे मिल गया।
पुलिस के अनुसार मंगलवार देर रात प्रभास मंडल को वारदात का घटनास्थल दिखाने और घटना का पुनर्निर्माण कराने के लिए ले जाया गया था। इसी दौरान उसने कथित तौर पर पुलिसकर्मियों का हथियार छीन लिया और भागने की कोशिश की। पुलिस का दावा है कि प्रभास ने एक राउंड गोली भी चलाई। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
उल्लेखनीय है कि बारुईपुर के सूर्यपुर इलाके से गत शनिवार एक नाबालिग लड़की लापता हो गई थी। रविवार को उसका शव इलाके के एक तालाब से बोरे में बंद अवस्था में बरामद हुआ था। मामले में नाबालिग से दुष्कर्म के बाद हत्या का आरोप है। पुलिस ने इस मामले में प्रभास मंडल, दिवाकर सरदार, आनंद सरदार और कबीर मोल्ला को गिरफ्तार किया था। सबसे पहले प्रभास मंडल की गिरफ्तारी हुई थी। पुलिस के अनुसार उसी की निशानदेही पर पीड़िता का शव बरामद किया गया था।
प्रभास की पुलिस मुठभेड़ में मौत के बाद इस बहुचर्चित मामले ने नया मोड़ ले लिया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच आगे बढ़ा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

