(अपडेट) बरूईपुर दुष्कर्म-हत्या मामला : डीजी सिध्दनाथ गुप्ता ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
कोलकाता, 07 जुलाई (हि. स.)। पश्चिम बंगाल के बारुईपुर में किशोरी से दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले में राज्य के पुलिस महानिदेशक (डीजी) सिद्धनाथ गुप्ता ने मंगलवार को घटनास्थल का दौरा कर जांच की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और पुलिस की भूमिका की भी निष्पक्ष जांच होगी।
मंगलवार को डीजी सिद्धनाथ गुप्ता बारुईपुर पहुंचे और मामले की जांच कर रहे अधिकारियों के साथ विस्तृत बैठक की। इसके बाद उन्होंने रेलवे लाइन के किनारे स्थित उस तालाब का निरीक्षण किया, जहां से किशोरी का शव बरामद हुआ था। उन्होंने घटनाक्रम, अब तक जुटाए गए साक्ष्यों और जांच की दिशा की विस्तार से जानकारी ली तथा वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से भी चर्चा की।
अब तक इस मामले में तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान आनंद सरदार, प्रभास मंडल और दिवाकर सरदार के रूप में हुई है। मंगलवार को आनंद सरदार को अदालत में पेश किया गया।
डीजी ने कहा कि जांच तेजी से आगे बढ़ रही है, लेकिन फिलहाल जांच के हित में अधिक जानकारी सार्वजनिक नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि तीन लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। जांच जिस प्रकार आगे बढ़ेगी, उसी के अनुसार जानकारी साझा की जाएगी।
इस बीच पीड़िता के परिजनों और स्थानीय लोगों ने पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। आरोप है कि सूचना मिलने के बावजूद पुलिस घटनास्थल पर देर से पहुंची और किशोरी की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज होने के बाद भी उसकी तलाश में अपेक्षित सक्रियता नहीं दिखाई गई।
इन आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए डीजी सिद्धनाथ गुप्ता ने कहा कि पुलिस की भूमिका की भी गहन जांच की जा रही है। उन्होंने स्वीकार किया कि पुलिस की प्रतिक्रिया में देरी को लेकर प्रश्न उठे हैं और पूरे मामले की जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि रविवार से इस घटना को लेकर बारुईपुर में लगातार तनाव की स्थिति बनी हुई है। हालांकि पुलिस प्रशासन के आश्वासन के बाद सड़क अवरोध समाप्त कर दिया गया, लेकिन स्थानीय लोगों में अब भी असंतोष बना हुआ है।
इस बीच मंगलवार को पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी भी बारुईपुर पहुंचे। उन्होंने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पीड़िता के परिजनों से मुलाकात कर उनकी बात सुनी। इसके बाद मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की, जिसमें डीजी सिद्धनाथ गुप्ता भी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

