home page

बारुईपुर युवा तृणमूल नेता के घर विस्फोट मामला : फोरेंसिक टीम ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

 | 
बारुईपुर युवा तृणमूल नेता के घर विस्फोट मामला : फोरेंसिक टीम ने किया घटनास्थल का निरीक्षण


बारुईपुर, 14 सितंबर (हि. स.)। दक्षिण 24 परगना के बारुईपुर में गुरुवार रात स्थानीय तृणमूल नेता के घर में हुए विस्फोट के मामले की पड़ताल के सिलसिले में सोमवार को फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का दौरा किया।

सोमवार दोपहर बारुईपुर थाने की पुलिस के साथ तीन सदस्यीय फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल से विभिन्न नमूने एकत्र किए हैं और उनकी जांच कर रही है।

उल्लेखनीय है कि रामनगर नंबर-2 ग्राम पंचायत के उत्तरभाग लालपोल इलाके में युवा तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष द्विजेन नाथ मंडल के दो मंजिला मकान में आधी रात के समय जोरदार धमाका हुआ था। विस्फोट की तीव्रता इतनी अधिक थी कि पक्के दो मंजिला मकान को भारी नुकसान पहुंचा। पास में स्थित एक एस्बेस्टस की छत वाला मकान पूरी तरह ढह गया। मकान का शटर टूटकर करीब 200 मीटर दूर जा गिरा। आसपास के कई अन्य मकानों में भी दरारें पड़ने और नुकसान होने की जानकारी मिली है। प्रारंभ में पुलिस की ओर से गैस सिलेंडर से विस्फोट होने की बात कही गई थी, लेकिन इसे लेकर अब रहस्य बना हुआ है।

मकान मालिक द्विजेन मंडल ने बताया कि घटना के समय घर में कोई गैस सिलेंडर नहीं था। उनका दावा है कि बाहर से विस्फोटक घर के अंदर लाकर विस्फोट किया गया। दूसरी ओर, भाजपा की ओर से आरोप लगाया गया है कि घर में बड़ी मात्रा में बम और विस्फोटक जमा करके रखे गए थे, जिसके कारण यह विस्फोट हुआ। भाजपा का दावा है कि इलाके में आतंक फैलाने के लिए द्विजेन ने विस्फोटक जमा कर रखे थे।

हालांकि, स्थानीय लोगों का दावा है कि यह सामान्य गैस सिलेंडर विस्फोट नहीं है। उनका कहना है कि घर में किसी अन्य प्रकार का विस्फोटक जमा होने के कारण ही यह घटना हुई हो सकती है।

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष मधुप