राज्य पुलिस की कार्रवाई, बरुईपुर में दो पुलिसकर्मी निलंबित
| May 12, 2026, 16:59 IST
बरुईपुर, 12 मई (हि. स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रत्याशी के साथ मारपीट के आरोप में दो पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। दक्षिण 24 परगना जिले के बरुईपुर थाने के प्रभारी निरीक्षक (आईसी) समर दे और सब-इंस्पेक्टर सुकुमार रुईदास को निलंबित किया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, मतदान परिणाम घोषित होने के अगले दिन पांच मई को बरुईपुर पश्चिम के भाजपा प्रत्याशी विश्वजीत पाल के साथ पुलिस द्वारा कथित रूप से शारीरिक दुर्व्यवहार किया गया था। इस मामले में विश्वजीत पाल ने लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर राज्य पुलिस ने जांच शुरू की। जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद बरुईपुर थाने के आईसी और सब-इंस्पेक्टर के खिलाफ यह अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

