home page

मतगणना से पहले बारासात में गरमाया माहौल, तृणमूल-भाजपा आमने-सामने

 | 
मतगणना से पहले बारासात में गरमाया माहौल, तृणमूल-भाजपा आमने-सामने


बारासात, 01 मई (हि. स.)। मतगणना में अभी तीन दिन बाकी हैं, लेकिन उससे पहले ही बारासात में स्ट्रॉन्ग रूम को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया। गुरुवार देर रात से शुक्रवार तड़के तक बारासात गवर्नमेंट कॉलेज और पारीचरण सरकार हाईस्कूल परिसर के बाहर तृणमूल कांग्रेस और भाजपा समर्थकों के बीच तनाव की स्थिति बन गई।

इन्हीं दोनों जगहों पर उत्तर 24 परगना जिले के कई महत्वपूर्ण विधानसभा क्षेत्रों के वोटों की गिनती होनी है। कड़ी सुरक्षा के बीच ईवीएम मशीनें स्ट्रॉन्ग रूम में रखी गई हैं, फिर भी उनकी सुरक्षा को लेकर अलग-अलग राजनीतिक दलों ने चिंता जताई है।

सूत्रों के अनुसार, रात बढ़ने के साथ-साथ दोनों परिसरों के बाहर समर्थकों की भीड़ बढ़ने लगी। तृणमूल और भाजपा, दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाया कि बाहर से लोगों को बुलाकर स्ट्रॉन्ग रूम के आसपास भीड़ जुटाई जा रही है।

आमडांगा से तृणमूल प्रत्याशी कासेम सिद्दीकी भी बड़ी संख्या में समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और आईएसएफ मिलकर कोई अप्रिय घटना को अंजाम दे सकते हैं, इसलिए वे सतर्क हैं। उन्होंने केंद्रीय बलों पर भी भरोसा न होने की बात कही।

वहीं बारासात से भाजपा प्रत्याशी शंकर चटर्जी के चुनावी एजेंट दीप्त लस्कर ने सवाल उठाया कि स्थानीय पुलिस प्रशासन स्ट्रॉन्ग रूम के सामने इतनी भीड़ क्यों जमा होने दे रहा है।

शुक्रवार तड़के तक इलाके में राजनीतिक कार्यकर्ताओं और समर्थकों की आवाजाही जारी रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता