वसूली के आरोप में बरानगर के तृणमूल पार्षद शांतनु मजूमदार गिरफ्तार
उत्तर 24 परगना, 13 मई (हि. स.)। जिले के बरानगर से तृणमूल कांग्रेस के पार्षद शांतनु मजूमदार उर्फ मेजो को तोलाबाजी और धमकी देने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। वह बरानगर नगर पालिका के 14 नंबर वार्ड के पार्षद हैं। बैरकपुर पुलिस ने बुधवार को उन्हें गिरफ्तार किया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, बरानगर निवासी रीता राय नामक महिला ने मंगलवार को शांतनु मजूमदार के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि फ्लैट में किरायेदार से जुड़े विवाद को सुलझाने के नाम पर पार्षद ने विभिन्न समय पर उनसे पैसे वसूले।
महिला का आरोप है कि 2024 से 2026 के बीच शांतनु ने उनसे किस्तों में लगभग 70 हजार रुपये लिए। इसके अलावा पार्षद पर जबरन फ्लैट में किरायेदार बैठाने का भी आरोप लगाया गया है।
शिकायत मिलने के बाद बैरकपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर आरोपित पार्षद को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि शांतनु मजूमदार के खिलाफ जबरन घर में प्रवेश करने, तोलाबाजी, धमकी देने और भय दिखाने के आरोप लगाए गए हैं। उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 333, 308(5), 351(3) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

