बराकर नदी से अज्ञात युवक का शव बरामद, इलाके में सनसनी
पश्चिम बर्दवान, 15 जुलाई (हि. स.)। बराकर के मनबड़िया घाट स्थित रेलवे के फिल्टर प्लांट के समीप बुधवार को बराकर नदी में एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक की उम्र लगभग 30 वर्ष प्रतीत हो रही है। उसने टी-शर्ट और बरमूडा पहन रखा था। फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो सकी है।
सूत्रों के अनुसार, शव की सूचना पाकर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग नदी किनारे पहुंच गए। घटना की जानकारी मिलने पर बराकर पुलिस चौकी प्रभारी अंजन रजक मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। चूंकि बराकर नदी का यह क्षेत्र झारखंड के अधिकार क्षेत्र में आता है, इसलिए इसकी सूचना तत्काल मैथन आउटपोस्ट पुलिस को दी गई। सूचना पाकर मैथन आउटपोस्ट के प्रभारी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने नदी के बीच फंसे शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम एवं आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए मैथन ले गई।
पुलिस ने मामला दर्ज कर शव की शिनाख्त कराने और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों से मृतक की पहचान को लेकर पूछताछ की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

