home page

ननिहाल में पानी के टैंक में तैरता मिला सात महीने के मासूम का शव, मामी पर हत्या का शक

 | 

आसनसोल, 27 फ़रवरी (हि.स.)।

आसनसोल के कुल्टी थाना अंतर्गत बराकर के बालतोड़िया वार्ड संख्या 66 से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक सात महीने के मासूम बच्चे का शव घर के पानी के टैंक से बरामद किया गया। घटना के बाद परिवार में गंभीर आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गए हैं। मासूम की सगी मामी पर उसे पानी में डुबाकर मारने का आरोप लगाया गया है।

मृत शिशु इस्माइल अंसारी का नाती बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, इस्माइल अंसारी अपनी पत्नी गुलशन आरा, बेटे शाहनवाज अंसारी की पत्नी सानिया परवीण और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ रहते हैं। शाहनवाज फिलहाल बेंगलुरु में रहते हैं। सानिया की एक दस महीने की बेटी भी है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, इस्माइल अंसारी की बेटी मुस्कान खातून की शादी बलतोड़िया निवासी मुस्तफा अंसारी से हुई है। मुस्तफा पेशे से ड्राइवर है और काम के सिलसिले में बिहार के जमुई गया हुआ था। इस दौरान उसकी पत्नी मुस्कान अपने मायके में रह रही थी। मुस्कान का सात महीने का बेटा भी साथ ही रहता था।

बताया जा रहा है कि नाना-नानी अपने नाती पर ज्यादा स्नेह जताते थे, जिससे कथित तौर पर घर में तनाव का माहौल बन गया था। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर सानिया परवीण ने तड़के सुबह सोते समय बच्चे को उठाया और पानी के टैंक में डुबा दिया।

सुबह जब इस्माइल अंसारी रोजा खोलने और नमाज की तैयारी के लिए पानी लेने टैंक के पास पहुंचे, तब उन्होंने बच्चे को पानी में डूबा देखा। घबराए इस्माइल ने तुरंत बच्चे को बाहर निकाला और मुस्कान को इसकी जानकारी दी। बच्चे की हालत देख मां बेसुध हो गई और रोते हुए सानिया पर हत्या का आरोप लगाया।

घटना की सूचना मिलते ही बराकर पुलिस फाड़ी की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल भेज दिया, जहां पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस ने पूछताछ के लिए सानिया प्रवीण, नाना इस्माइल अंसारी और नानी गुलशन आरा को हिरासत में लिया है। मामले की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पूछताछ के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोग हैरान हैं कि पारिवारिक विवाद के चलते एक मासूम की जान कैसे चली गई। फिलहाल मामले में पुलिस की जांच जारी है। आधिकारिक पुष्टि और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा