लगातार बारिश में गरीब परिवार का घर ढहा, भाजपा नेता अभिजीत राय ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा
पश्चिम बर्दवान, 18 अगस्त (हि. स.)। जिले के बाराबनी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत पांचगछिया के गांधी नगर इलाके में लगातार हो रही बारिश के बीच एक गरीब परिवार का घर ढह गया। घर गिरने के बाद सगु साव और उनके परिवार के सामने रहने की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है।
घटना की सूचना पाकर भाजपा जिला नेता अभिजीत राय मौके पर पहुंचे और प्रभावित परिवार से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी ली। परिवार की तत्काल जरूरत को देखते हुए स्थानीय स्तर पर रहने की व्यवस्था भी की गई है।
पीड़ित सगु साव ने अभिजीत राय को अपनी स्थिति बताते हुए कहा कि पिछले करीब 15 वर्षों से उनका पक्का मकान नहीं बन सका। लगातार बारिश के कारण उनका पुराना घर भी अब पूरी तरह ढह गया, जिससे परिवार के सामने सिर छिपाने की बड़ी समस्या खड़ी हो गई है।
परिवार की परेशानी सुनने के बाद अभिजीत राय ने उन्हें भरोसा दिलाया कि उनकी समस्या के समाधान के लिए जल्द से जल्द संबंधित स्तर पर प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि परिवार को जरूरत के मुताबिक हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की कोशिश की जाएगी।
लगातार बारिश के बीच घर ढहने की इस घटना से इलाके में भी चिंता का माहौल है। वहीं, स्थानीय स्तर पर तत्काल सहायता मिलने से प्रभावित परिवार को फिलहाल कुछ राहत मिली है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

