सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर बाराबनी थाना की ओर से ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन
पश्चिम बर्दवान, 13 जून (हि.स.)।
देश के पहले गृह मंत्री और लौह पुरुष के नाम से जाने जाने वाले सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर आसनसोल दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के विभिन्न थानों की ओर से ‘रन फॉर यूनिटी’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसी क्रम में शनिवार को बाराबनी थाना की ओर से भी इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय युवाओं ने भाग लिया। बाराबनी के भाजपा विधायक अरिजीत राय भी मुख्य रूप से उपस्थित रहे और उन्होंने स्वयं भी इस दौड़ में हिस्सा लिया।
इस अवसर पर विधायक अरिजीत राय ने कहा कि इस दौड़ में शामिल होकर उन्हें काफी अच्छा महसूस हुआ। उन्होंने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल देश का गौरव हैं और देश की अखंडता तथा एकता को मजबूत करने में उनका योगदान ऐतिहासिक रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि लंबे समय तक सरदार पटेल के योगदान को पर्याप्त रूप से याद नहीं किया गया, लेकिन वर्तमान में भारतीय जनता पार्टी की सरकार उनके योगदान को देश के सामने ला रही है।
उन्होंने कहा कि सरदार पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर इस प्रकार के कार्यक्रमों का आयोजन जरूरी है, ताकि वर्तमान पीढ़ी देश की एकता और अखंडता के लिए उनके योगदान को जान सके और उससे प्रेरणा ले सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

