home page

सड़क हादसे में साइकिल सवार की मौत, लोगों ने किया प्रदर्शन

 | 
सड़क हादसे में साइकिल सवार की मौत, लोगों ने किया प्रदर्शन


आसनसोल, 24 फ़रवरी (हि. स.)। आसनसोल दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के बाराबनी थाना अंतर्गत नूनी मोड पर मंगलवार सुबह ईंटों से लदे एक ट्रैक्टर की चपेट में आने से एक साइकिल सवार की मौत हो गई। इस हादसे को लेकर पूरे इलाके में तनाव फैल गया। मृतक की पहचान बाराबनी थाना अंतर्गत चिंचुड़िया घोष पाड़ा निवासी धीरेन घोष (55) के रूप में हुई है। घटना के बाद गुस्साए स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर दिया और मुआवजे की मांग को लेकर प्रदर्शन करने लगे।

सूचना मिलने के बाद बाराबनी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक के शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए आसनसोल जिला अस्पताल भेज दिया।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस इलाके में अक्सर हादसे होते रहते हैं। लेकिन पुलिस प्रशासन की तरफ से कोई निगरानी नहीं है। उन्होंने यह भी दावा किया कि भारी वाहनों की लापरवाही से आवाजाही के कारण आम लोग अपनी जान गंवा रहे हैं।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, चिंचुड़िया घोष पाड़ा निवासी धीरेन घोष मंगलवार सुबह काम खत्म करने के बाद साइकिल से अपने घर जा रहे थे। उसी समय नूनी मोड के पास एक स्थानीय ईंट भट्टे से ईंटों से लदे एक ट्रैक्टर ने उन्हें टक्कर मार दी। वह आदमी बुरी तरह घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रैक्टर ड्राइवर मौके से भाग गया। इलाके के लोगों ने मृतक के परिजनों को मुआवजा देने की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। स्थानीय लोगों के विरोध के बाद ट्रैक्टर मालिक ने मृतक के परिजनों को 40 हजार का मुआवजा देने का आश्वासन दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा