जंगल में पेड़ से लटके मिले वृद्ध महिला और युवक का शव
पश्चिम बर्दवान, 02 अगस्त (हि. स.)। जिले के बाराबनी थाना क्षेत्र के गौरांडी जंगल में रविवार सुबह एक ही पेड़ की डाल से वृद्ध महिला और एक युवक के शव फंदे से लटकते मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही बाराबनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए आसनसोल जिला अस्पताल भेज दिया। रविवार दोपहर तक दोनों मृतकों की पहचान नहीं हो सकी थी। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
मिली जानकारी के अनुसार रविवार सुबह करीब सात बजे कुछ स्थानीय लोग जंगल में सूखी लकड़ी बीनने और काटने गए थे। इसी दौरान उनकी नजर एक पेड़ की डाल से रस्सी के फंदे में लटके दो शवों पर पड़ी। मृतकों में एक लगभग 55 वर्षीय महिला और करीब 25 वर्षीय युवक शामिल हैं। दोनों के शव एक ही पेड़ से लटके हुए थे। यह दृश्य देखते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही बाराबनी थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को नीचे उतारकर प्रारंभिक जांच की और पोस्टमार्टम के लिए आसनसोल जिला अस्पताल भेज दिया।
पुलिस का कहना है कि महिला और युवक कौन हैं तथा दोनों के बीच क्या संबंध था, इसकी भी अभी तक कोई जानकारी नहीं मिल पाई है।
जंगल में मौजूद एक स्थानीय व्यक्ति ने बताया कि वे लोग सुबह लकड़ी काटने आए थे, तभी पेड़ से लटके दोनों शव दिखाई दिए। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। उन्होंने बताया कि दोनों को इलाके में पहले कभी नहीं देखा गया और संभवतः वे स्थानीय निवासी नहीं हैं।
घटना को लेकर कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि यह आत्महत्या का मामला है या फिर कहीं और हत्या करने के बाद शवों को जंगल में लाकर पेड़ से लटका दिया गया। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
पुलिस ने दोनों शवों की पहचान के लिए सभी थानों में फोटो भेजे हैं। साथ ही आम लोगों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति मृतकों की पहचान या उनसे संबंधित कोई जानकारी दे सकता है तो वह तुरंत बाराबनी थाना से संपर्क करे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

