180 किलोमीटर की दंडवत यात्रा पर निकला शिवभक्त
पश्चिम बर्दवान, 26 जुलाई (हि. स.)। श्रावण माह में भगवान शिव के प्रति अटूट आस्था का अनोखा उदाहरण पश्चिम बर्दवान जिले के बाराबनी क्षेत्र में देखने को मिल रहा है। मिर्जापुर निवासी वीरेश (हरेकृष्ण) मंडल ने परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और मनोकामना पूर्ति के लिए लगभग 180 किलोमीटर लंबी दंडवत यात्रा का संकल्प लिया है। उनका लक्ष्य प्रसिद्ध तारकेश्वर धाम पहुंचकर बाबा तारकनाथ के दर्शन करना है।
रविवार सुबह वीरेश मंडल ने रुनाकुड़ा घाट में पवित्र स्नान करने के बाद अपनी कठिन यात्रा शुरू की। वह दंडवत प्रणाम करते हुए धीरे-धीरे तारकेश्वर की ओर बढ़ रहे हैं।
उनका कहना है कि इस कठिन तपस्या को पूरा करने में लगभग 10 से 15 दिन का समय लग सकता है।
वीरेश मंडल ने बताया कि इससे पहले विधानसभा चुनाव से पूर्व उन्होंने संकल्प लिया था कि यदि बाराबनी के विधायक अरिजीत राय चुनाव जीतते हैं तो वह रुनाकुड़ा घाट से चंद्रचूड़ मंदिर तक दंडवत यात्रा करेंगे। मनोकामना पूरी होने के बाद उन्होंने अपना वह व्रत भी पूरा किया था।
अब उन्होंने अपने पूरे परिवार के कल्याण, सुख-शांति और समाज की भलाई की कामना के साथ तारकेश्वर धाम तक दंडवत यात्रा का नया संकल्प लिया है।
उनकी अटूट श्रद्धा, दृढ़ इच्छाशक्ति और कठिन साधना को देखकर रास्ते भर लोग रुककर उनका उत्साहवर्धन कर रहे हैं। श्रद्धालु उनकी भक्ति और संकल्प की सराहना करते हुए इसे भगवान शिव के प्रति समर्पण का अद्भुत उदाहरण बता रहे हैं।
श्रावण माह में जहां हजारों कांवड़िए और शिवभक्त तारकेश्वर धाम की ओर जा रहे हैं, वहीं वीरेश मंडल की यह 180 किलोमीटर लंबी दंडवत यात्रा लोगों के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। उनकी यह कठिन आध्यात्मिक यात्रा श्रद्धा, विश्वास और अटूट संकल्प की मिसाल के रूप में चर्चा का विषय बनी हुई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

