home page

सेवक रोड पर प्रशासन का बड़ा एक्शन, एक्सपायरी सामान मिलने पर बार की किचन सील

 | 
सेवक रोड पर प्रशासन का बड़ा एक्शन, एक्सपायरी सामान मिलने पर बार की किचन सील


सिलीगुड़ी, 04 सितंबर (हि. स.)। शहर के प्रमुख सेवक रोड इलाके में शुक्रवार को होटल और रेस्तरां की खाद्य गुणवत्ता एवं साफ-सफाई की जांच के लिए प्रशासन ने बड़ा संयुक्त अभियान चलाया। जलपाईगुड़ी सदर एसडीओ के नेतृत्व में फूड सेफ्टी विभाग, एनफोर्समेंट ब्रांच और भक्तिनगर थाना पुलिस की टीम ने प्लैनेट मॉल, कॉसमॉस मॉल समेत आसपास के विभिन्न मॉल, होटल और रेस्तरां में अचानक निरीक्षण किया।

अभियान के दौरान अधिकारियों ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, किचन की साफ-सफाई, खाद्य सामग्री की एक्सपायरी डेट और कच्चे माल की लेबलिंग की बारीकी से जांच की। इस दौरान सेवक रोड स्थित एक नामी बार की किचन में कई अनियमितताएं सामने आई। जांच के दौरान किचन में खाना बनाने में इस्तेमाल होने वाले कुछ मसाले और अन्य खाद्य सामग्री मियाद खत्म होने के बाद भी रखी मिली। इसके अलावा किचन की साफ-सफाई और रखरखाव को लेकर भी अधिकारियों ने नाराजगी जताई। मामले को गंभीरता से लेते हुए जलपाईगुड़ी सदर एसडीओ ने संबंधित बार की किचन को तत्काल प्रभाव से अस्थायी रूप से सील करने का निर्देश दिया।

प्रशासन की ओर से बताया गया कि इस संबंध में शनिवार को लिखित निर्देश भी जारी किया जाएगा। वहीं, अभियान के दौरान सेवक रोड के कई अन्य होटल और रेस्तरां में भी किचन की साफ-सफाई और खाद्य सामग्री की सही लेबलिंग से जुड़ी कमियां सामने आई।

अधिकारियों ने सभी संबंधित प्रतिष्ठानों को कड़ी चेतावनी देते हुए खाद्य सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया।

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि आम लोगों के स्वास्थ्य और खाद्य सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भविष्य में इस तरह की अनियमितता दोबारा मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ और कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार