15 हजार रुपये रिश्वत लेते एसीबी के हत्थे चढ़े बांटरा थाने के सब-इंस्पेक्टर सुब्रत सरकार
कोलकाता, 17 अगस्त (हि. स.)। पश्चिम बंगाल पुलिस की भ्रष्टाचार-निरोध शाखा (एसीबी) ने रिश्वतखोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बांटरा थाना के एक सब-इंस्पेक्टर को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार पुलिस अधिकारी की पहचान सुब्रत सरकार के रूप में हुई है। एसीबी की टीम ने सोमवार को कार्रवाई करते हुए उसे रिश्वत की रकम स्वीकार करते हुए रंगे हाथों पकड़ा।
एसीबी की ओर से बताया गया है कि सुब्रत सरकार पर एक मामले में शिकायतकर्ता से 15 हजार रुपये रिश्वत मांगने का आरोप था। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने पूरे मामले की जांच शुरू की और इसके बाद जाल बिछाकर कार्रवाई की। तय योजना के अनुसार रिश्वत की रकम स्वीकार करने के दौरान एसीबी अधिकारियों ने सब-इंस्पेक्टर को पकड़ लिया।
पुलिस विभाग के अधिकारी के खिलाफ एसीबी की इस कार्रवाई के बाद बांटरा थाना समेत पुलिस महकमे में हलचल मच गई है। जांच एजेंसी अब यह पता लगाने में जुटी है कि रिश्वत की मांग किस काम के एवज में की गई थी और इस मामले में किसी अन्य व्यक्ति या पुलिसकर्मी की भूमिका थी या नहीं। मामले से जुड़े दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।
पश्चिम बंगाल में भ्रष्टाचार के खिलाफ एसीबी की सक्रियता हाल के समय में लगातार चर्चा में रही है। राज्य सरकार के आधिकारिक बजट दस्तावेज में भी एसीबी को राज्य की प्रशासनिक व्यवस्था के तहत अलग मद के रूप में दर्ज किया गया है।
इस बीच, तेज-तर्रार वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी मुरलीधर शर्मा की एसीबी में पोस्टिंग के बाद इस तरह की कार्रवाई में तेजी आई है। उन्हें लंबे समय से जांच और पुलिसिंग के अनुभव वाले अधिकारी के रूप में जाना जाता है। इसके पहले बीडीओ दफ्तर में भी काम करने वाले कर्मचारी की गिरफ्तारी भी इसी तरीके से हुई थी।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

