ठेकेदारों से वसूली के आरोप में तृणमूल नेता का बेटा गिरफ्तार, पांच दिन की पुलिस हिरासत
बांकुड़ा, 15 जून (हि. स.)। जिले में सरकारी ठेकेदारों को डराकर महीनों तक लाखों रुपये वसूली करने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपित की पहचान अनिंद्य राय के रूप में हुई है, जो ताराशंकर राय के बेटे बताए जा रहे हैं। सोमवार को आरोपित को खातड़ा महकमा अदालत में पेश किया गया। अदालत ने मामले की जांच के लिए उसे पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपित के खिलाफ तालडांगरा थाना में शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने रविवार रात विशेष सूचना के आधार पर कोलकाता में छापेमारी कर अनिंद्य राय को गिरफ्तार कर लिया।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि अनिंद्य राय ने अपने माता-पिता के राजनीतिक पद और प्रभाव का इस्तेमाल कर बांकुड़ा जिले के कई सरकारी ठेकेदारों को डराया-धमकाया और उनसे लाखों रुपये वसूले।
वहीं, आरोपित पक्ष के वकील चंचल राय ने कहा कि यह मामला राजनीतिक कारणों से दर्ज कराया गया है। उनका कहना है कि शिकायतकर्ता ने अपनी शिकायत में लिखा है कि वह लंबे समय से डर की वजह से शिकायत नहीं कर पाए थे। ऐसे में यह भी जांच होनी चाहिए कि कहीं किसी दबाव में आकर यह शिकायत तो नहीं की गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

