home page

तृणमूल नेता शंकर चक्रवर्ती गिरफ्तार, विश्वविद्यालय की जमीन कब्जाने का आरोप

 | 
तृणमूल नेता शंकर चक्रवर्ती गिरफ्तार, विश्वविद्यालय की जमीन कब्जाने का आरोप


बांकुड़ा, 05 जून (हि.स.)। बांकुड़ा जिले के प्रभावशाली तृणमूल नेता शंकर चक्रवर्ती को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उन पर बिधानचंद्र कृषि विश्वविद्यालय के पुराने परिसर की जमीन पर अवैध कब्जा करने और वहां निजी उपयोग के लिए निर्माण कराने का आरोप है।

जानकारी के अनुसार, वर्ष 2018 में विश्वविद्यालय का छातना स्थित पुराना परिसर शुशुनिया स्थानांतरित कर दिया गया था। आरोप है कि इसके बाद शंकर चक्रवर्ती ने परिसर की करीब 29 एकड़ जमीन पर धीरे-धीरे कब्जा कर लिया। वहां पोल्ट्री फार्म, खेती और अन्य गतिविधियां संचालित की जा रही थीं।

गुरुवार को आरोप लगा कि विश्वविद्यालय परिसर से सरकारी सामान ट्रक में भरकर दूसरी जगह भेजा जा रहा था। सूचना मिलने पर छातना के विधायक सत्यनारायण मुखोपाध्याय मौके पर पहुंचे। इसके बाद विश्वविद्यालय के डीन ने छातना थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की और गुरुवार रात शंकर चक्रवर्ती को गिरफ्तार कर लिया। उनके खिलाफ सरकारी जमीन पर अवैध प्रवेश, विश्वासघात, चोरी, धोखाधड़ी, धमकी देकर कब्जा करने और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

शुक्रवार को आरोपित को अदालत में पेश किया गया, जहां न्यायालय ने उसे दो दिन की पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया।

हालांकि शंकर चक्रवर्ती ने सभी आरोपों से इनकार किया है। अदालत ले जाते समय उन्होंने कहा कि उन्हें राजनीतिक प्रतिशोध के तहत फंसाया गया है। स्थानीय तृणमूल नेताओं का भी दावा है कि विश्वविद्यालय की अनुमति से वहां किसानों को प्रशिक्षण दिया जाता था और परिसर में उगाई गई फसल विश्वविद्यालय को ही सौंपी जाती थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता