मतदान के बाद तृणमूल में अंदरूनी टकराव का आरोप, बांकुड़ा में नेता पर हमला
बांकुड़ा, 24 अप्रैल (हि. स.)। जिले में मतदान के तुरंत बाद तृणमूल कांग्रेस के भीतर कथित गुटीय संघर्ष का मामला सामने आया है। पार्टी के एक स्थानीय नेता पर हमले के बाद राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। घायल नेता ने आरोप लगाया है कि उन पर हमला उनकी ही पार्टी के एक गुट के इशारे पर किया गया।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, यह घटना कोतुलपुर विधानसभा क्षेत्र के जयपुर थाना इलाके में हुई।तृणमूल के विष्णुपुर संगठनात्मक जिले के आईएनटीटीयूसी के सह-उपाध्यक्ष और जयपुर पंचायत समिति के पूर्त कर्माध्यक्ष जाकिर खान शुक्रवार सुबह बाइक से जंगल के रास्ते जयपुर जा रहे थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने उन्हें रोककर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से बेरहमी से पीटा।
बताया गया है कि घटना मुरलीगंज जंगल के पास हाटपुकुर कैनाल ब्रिज के समीप हुई। हमलावरों के जाने के बाद स्थानीय लोगों ने जाकिर खान को घायल अवस्था में सड़क किनारे पड़ा देखा और पार्टी कार्यकर्ताओं को सूचना दी। इसके बाद उन्हें पहले जयपुर ब्लॉक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें विष्णुपुर सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घायल जाकिर खान ने आरोप लगाया कि हमलावर भले ही असामाजिक तत्व थे, लेकिन उन्हें कुछ तृणमूल नेताओं का संरक्षण प्राप्त है। उन्होंने दावा किया कि कोतुलपुर से तृणमूल उम्मीदवार हरकाली प्रतिहार के भाई मृत्युंजय प्रतिहार के निर्देश पर उनकी हत्या की साजिश रची गई और इसी के तहत यह हमला किया गया। हालांकि उन्होंने इसे गुटीय संघर्ष मानने से इनकार किया।
वहीं, इन आरोपों को खारिज करते हुए मृत्युंजय प्रतिहार ने कहा कि वे उस समय पार्टी के अन्य कार्यों में व्यस्त थे और उनके खिलाफ लगाए गए आरोप निराधार हैं। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
इस घटना पर भाजपा ने भी प्रतिक्रिया दी है। विष्णुपुर जिले के भाजपा प्रवक्ता देवप्रिया विश्वास ने आरोप लगाया कि चुनावी फंड के बंटवारे को लेकर तृणमूल के अंदर गुटीय संघर्ष बढ़ गया है और इसी के चलते पार्टी के भीतर ही एक गुट दूसरे गुट के नेताओं पर हमला कर रहा है।
फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है और हमलावरों की पहचान करने का प्रयास जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

