home page

बांकुड़ा में ट्रेन की चपेट में आने से डीआईबी इंस्पेक्टर की मौत, कारणों की जांच में जुटी पुलिस

 | 
बांकुड़ा में ट्रेन की चपेट में आने से डीआईबी इंस्पेक्टर की मौत, कारणों की जांच में जुटी पुलिस


कोलकाता, 31 अक्टूबर (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा जिले में राज्य पुलिस के खुफिया विभाग (डीआईबी) के एक इंस्पेक्टर की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक की पहचान जयंत पाल (41) के रूप में हुई है। शुक्रवार देर शाम बांकुड़ा शहर के केठारडांगा रेलवे फाटक के पास यह घटना हुई। उनका शव आरण्यक एक्सप्रेस ट्रेन के मार्ग के पास से बरामद किया गया। घटना को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। पुलिस दुर्घटना, आत्महत्या सहित सभी संभावित पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, जयंत पाल बांकुड़ा पुलिस लाइन में जिला खुफिया विभाग के इंस्पेक्टर पद पर कार्यरत थे। करीब एक महीने पहले ही उनका स्थानांतरण बांकुड़ा जिले में हुआ था। हालांकि, घटना के समय वह छुट्टी पर थे। इससे पहले वह हुगली जिले के चंडीतला और सिंगूर सहित कई महत्वपूर्ण थानों के प्रभारी के रूप में जिम्मेदारी संभाल चुके थे। उनका पैतृक घर आसनसोल उत्तर थाना क्षेत्र में है।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव बरामद कर देर रात पोस्टमार्टम के लिए बांकुड़ा सम्मिलनी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया। इस संबंध में अस्वाभाविक मृत्यु का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई है। पुलिस ने उनके परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। जांच अधिकारी उनके सहकर्मियों से पूछताछ कर रहे हैं। साथ ही परिवार के सदस्यों के बयान भी दर्ज किए जाएंगे।

बांकुड़ा के पुलिस अधीक्षक पीवीजी सतीश ने बताया कि जयंत पाल करीब एक महीने पहले जिले में आए थे और फिलहाल छुट्टी पर थे। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हाल के दिनों में उनके व्यवहार या परिस्थितियों में कोई बदलाव आया था या किसी के साथ उनका विवाद था। हालांकि, अभी तक उनकी मौत के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले हुगली जिले के चंडीतला थाने में तैनाती के दौरान एक गोलीकांड और व्यक्तिगत विवाद को लेकर जयंत पाल को राज्य पुलिस की ओर से अस्थायी रूप से निलंबित भी किया गया था। फिलहाल जीआरपी और स्थानीय पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता