बिजली का करंट लगने से सेवानिवृत्त बैंक कर्मचारी की मौत
घाटाल, 26 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम मेदिनीपुर जिले के घाटाल महकमे के दासपुर थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर बिजली का करंट लगने से एक सेवानिवृत्त बैंक कर्मचारी की मौत हो गई। मृतक की पहचान 72 वर्षीय हीरालाल राणा के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार हीरालाल राणा पहले यूको बैंक की दासपुर शाखा में कार्यरत थे। उनका घर दासपुर थाना क्षेत्र के कमलपुर ग्राम पंचायत के अंतर्गत है। शनिवार को घर में खराब पड़े ट्यूब पंप को ठीक करने के दौरान अचानक बिजली का करंट लग गया।
परिजनों ने तुरंत उन्हें अस्पताल ले जाने की कोशिश की, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में शोक की लहर दौड़ गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार हीरालाल राणा सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों में भी सक्रिय रहते थे तथा भारतीय जनता पार्टी के समर्थक कार्यकर्ता के रूप में जाने जाते थे। पुलिस ने घटना की सूचना मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

