खड़गपुर में बंजारी माता पूजन धूमधाम से संपन्न, सर्वसम्मति से नई समिति गठित
खड़गपुर, 25 सितंबर (हि.स.)। खड़गपुर नगर में अखिल भारतीय कान्य कुब्ज वैश्य नवयुवक संघ की ओर से गुरुवार को बंजारी माता पूजन का आयोजन किया गया। गणेश पूजा के बाद अनंत चतुर्दशी के अवसर पर प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले इस धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम में समाज के करीब 300 लोग उपस्थित रहे। गुप्ता समाज (भरभुजा) के बड़ी संख्या में लोगों ने इसमें भाग लिया। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों ने भी उत्साहपूर्वक पूजा-अर्चना एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हिस्सा लिया।
पूजन के दौरान समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में समाज के बच्चों ने कविता पाठ, नृत्य सहित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागी बच्चों को भी सम्मान दिया गया। कार्यक्रम में हलवाई समाज के प्रमुख नंद किशोर गुप्ता तथा आईआईटी केंद्रीय विद्यालय के शिक्षक सुरेंद्र शाह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
समिति के ओर से बताया कि खड़गपुर में यह आयोजन कई वर्षों से होता आ रहा है। करीब 30 वर्षों तक आयोजन बंद रहने के बाद वर्ष 2021 में इसे फिर से शुरू किया गया। इसके बाद से लगातार बंजारी माता पूजन का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन के माध्यम से वर्षभर की सामाजिक गतिविधियों और कार्यक्रमों का लेखा-जोखा भी रखा जाता है। होली उत्सव, सामाजिक मिलन सहित विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से समाज में सामाजिक समरसता और आपसी सहयोग को बढ़ावा दिया जाता है।
शुक्रवार सुबह संस्था के उपाध्यक्ष राजेश कुमार आचार्य ने हिन्दुस्थान समाचार को बताया कि धार्मिक आयोजन के साथ सामाजिक एकजुटता, प्रतिभाओं को प्रोत्साहन और समाज के लोगों के बीच आपसी सहयोग बढ़ाना आयोजन का प्रमुख उद्देश्य है।
कार्यक्रम के दौरान समिति के वर्तमान अध्यक्ष अभिमन्यु गुप्ता द्वारा समाज की नई समिति के गठन की जानकारी भी दी गई। पिछले वर्ष तत्कालीन अध्यक्ष पूरन गुप्ता के निधन के बाद समिति का पुनर्गठन किया गया। नई समिति में रुपचंद्र गुप्ता को चेयरमैन, अभिमन्यु गुप्ता को अध्यक्ष, राजेश कुमार आचार्य को उपाध्यक्ष और राजेश गुप्ता को प्रधान सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। विकाश गुप्ता और जयपाल गुप्ता को उप-सचिव बनाया गया है। आनंद गुप्ता कोषाध्यक्ष तथा सुरेश गुप्ता प्रचार मंत्री की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। सलाहकार मंडली में जगदीश गुप्ता (पंडित जी), राम नारायण गुप्ता, राज कुमार गुप्ता (राजू) और नीतेश गुप्ता शामिल हैं। समिति के नए सदस्यों में अजय गुप्ता, सुरज गुप्ता और अशोक गुप्ता शामिल किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

