बनगांव में भाजपा नेता गिरफ्तार, पत्नी से मारपीट कर हत्या की कोशिश का आरोप
उत्तर 24 परगना, 24 मार्च (हि.स.)। राज्य में महिला सुरक्षा को लेकर प्रचार के बीच बनगांव में एक भाजपा नेता की गिरफ्तारी से राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। आरोप है कि नेता ने अपनी पत्नी के साथ मारपीट कर हत्या की कोशिश की। गिरफ्तार आरोपित की पहचान जय हलदार के रूप में हुई है, जो इलाके में भारतीय जनता पार्टी के मंडल अध्यक्ष (मंडल-2, बनगांव उत्तर) पद पर हैं। उनका घर गोपालनगर थाना क्षेत्र के हलदारपाड़ा में स्थित है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपित की पत्नी ने गोपालनगर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि उनके साथ गंभीर मारपीट कर जान से मारने की कोशिश की गई, जिससे वह किसी तरह बच पाईं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने सोमवार रात उनके घर के इलाके से जय हलदार को गिरफ्तार कर लिया।
मंगलवार को आरोपित को बनगांव महकमा अदालत में पेश किया गया। पीड़िता ने कहा कि उनके साथ अत्याचार हुआ था और शिकायत के बाद पुलिस ने कार्रवाई की। हालांकि उन्होंने इसे पारिवारिक मामला बताते हुए अधिक टिप्पणी करने से इनकार किया।
वहीं, आरोपित भाजपा नेता ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि यह सामान्य पारिवारिक विवाद है और उनकी पत्नी की शिकायत के आधार पर उन्हें राजनीतिक कारणों से गिरफ्तार किया गया है।
इस मामले पर तृणमूल कांग्रेस और भाजपा के बीच आरोप-प्रत्यारोप भी तेज हो गया है। भाजपा के स्थानीय नेतृत्व का दावा है कि शिकायत दबाव में दर्ज कराई गई, जबकि तृणमूल नेताओं ने भाजपा पर महिलाओं के प्रति असम्मानजनक व्यवहार का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

