home page

कपालेस्वरी में जलस्तर बढ़ने से बांस का साकू टूटा, बढ़ी परेशानी

 | 
कपालेस्वरी में जलस्तर बढ़ने से बांस का साकू टूटा, बढ़ी परेशानी


मेदिनीपुर, 18 जुलाई (हि.स.)। पश्चिम मेदिनीपुर जिले के सबंग प्रखंड में कपालेस्वरी नदी का जलस्तर बढ़ने और नदी में जमा भारी मात्रा में कचुरिपाना के दबाव से फतेचक तथा कसबा सबंग क्षेत्र के बीच आवागमन का एकमात्र बांस का साकू (पुल) आंशिक रूप से टूट गया है। इससे दोनों गांवों के लोगों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले 30 से 40 वर्षों से क्षेत्र में स्थायी पुल निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक यह मांग पूरी नहीं हो सकी है। इसके कारण ग्रामीणों को प्रत्येक वर्ष अपने खर्च पर बांस का साकू बनाना और उसकी मरम्मत करनी पड़ती है।

इस वर्ष निम्न दबाव के प्रभाव से लगातार हुई वर्षा के कारण कपालेस्वरी नदी का जलस्तर काफी बढ़ गया। इसके साथ ही नदी में बहकर आए भारी मात्रा में कचुरिपाना के दबाव से साकू का एक हिस्सा टूट गया। इसके कारण विद्यालय और महाविद्यालय जाने वाले छात्र-छात्राओं, कामकाजी लोगों तथा दैनिक आवश्यक कार्यों के लिए आने-जाने वाले ग्रामीणों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

दुर्भोग कम करने के लिए ग्रामीणों ने शुक्रवार शाम से ही एक बार फिर अपने स्तर पर साकू की मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया है। साथ ही नदी से कचुरिपाना हटाकर साकू पर पड़ रहे दबाव को कम करने का प्रयास भी किया जा रहा है।

गांव के रहने वाले एक स्थानीय बुजुर्ग असीम दास का कहना है कि उन्हें प्रत्येक वर्ष इसी समस्या से जूझना पड़ता है बहुत परेशानी से जीवन गुजारना पड़ता है। इसलिए सभी स्थानीय निवासी का मानना है अस्थायी बांस के साकू के स्थान पर शीघ्र स्थायी कंक्रीट पुल का निर्माण किया जाना चाहिए। उन्होंने इस मामले में प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता