home page

बालुरघाट में 18 अगस्त से रोजगार मेला, 100 से अधिक कंपनियों के शामिल होने की संभावना

 | 
बालुरघाट में 18 अगस्त से रोजगार मेला, 100 से अधिक कंपनियों के शामिल होने की संभावना


दिनाजपुर, 17 अगस्त (हि. स.)। दक्षिण दिनाजपुर जिले के बालुरघाट स्टेडियम में 18 अगस्त को रोजगार मेला या स्किल मेला आयोजित होने जा रहा है। देश के विभिन्न हिस्सों से कई जॉब प्रोवाइडर और कंपनियां इस मेले में हिस्सा लेंगी। दक्षिण दिनाजपुर जिले के साथ-साथ पड़ोसी जिलों और पूरे उत्तर बंगाल के नौकरी के इच्छुक युवक-युवतियों से इस मेले में शामिल होने की अपील केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री तथा बालुरघाट के सांसद सुकांत मजूमदार ने की है।

सोमवार को जारी एक वीडियो संदेश में सुकांत मजूमदार ने कहा कि इस रोजगार मेले में 100 से अधिक कंपनियों के शामिल होने की संभावना है। विभिन्न कंपनियों के स्टॉल पर नौकरी के इच्छुक उम्मीदवारों की योग्यता, दक्षता और क्षमता का आकलन किया जाएगा। इसके बाद उनकी योग्यता के अनुरूप विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की कोशिश की जाएगी।

दक्षिण दिनाजपुर जिले को रोजगार मेले के आयोजन के लिए चुने जाने पर सुकांत मजूमदार ने केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्री जयंत चौधरी का आभार जताया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से इस रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। आने वाले दिनों में करीब एक करोड़ नौकरी के इच्छुक युवक-युवतियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) सहित आधुनिक तकनीकों में प्रशिक्षित करने की पहल की गई है। इस तरह के रोजगार मेलों के माध्यम से युवाओं के कौशल का विकास होगा और उनके लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा