home page

जो सांसद ट्रेन समय पर नहीं चला सकता, वह विकास कैसे करेगा : अभिषेक बनर्जी

 | 
जो सांसद ट्रेन समय पर नहीं चला सकता, वह विकास कैसे करेगा : अभिषेक बनर्जी


पुरुलिया, 20 अप्रैल (हि. स.)। जिले के बलरामपुर में सोमवार को तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने भाजपा पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि जो सांसद रेलवे का समय सुनिश्चित नहीं कर सकता, वह क्षेत्र का विकास कैसे करेगा।

बलरामपुर कॉलेज मैदान में तृणमूल प्रत्याशी शांतिराम महतो के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए अभिषेक बनर्जी ने कहा कि इलाके से गुजरने वाली प्रमुख ट्रेनें लगातार देरी से चल रही हैं, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी हो रही है।

उन्होंने कहा कि हावड़ा–चक्रधरपुर एक्सप्रेस, पुरुलिया एक्सप्रेस और रूपसी बांग्ला जैसी ट्रेनों की देरी को लेकर उन्होंने पहले भी सवाल उठाए हैं। अभिषेक ने दावा किया कि कई ट्रेनों में दो से पांच घंटे तक की देरी हो रही है, लेकिन स्थानीय सांसद इस समस्या को ठीक करने में असफल रहे हैं।

अभिषेक बनर्जी ने तंज कसते हुए कहा कि जो सांसद अपने क्षेत्र में ट्रेन तक समय पर नहीं चला सकता, वह विकास का वादा कैसे पूरा करेगा?

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि मोदी की गारंटी का मतलब जीरो वारंटी है, जबकि तृणमूल कांग्रेस की योजनाएं “लाइफटाइम वारंटी” जैसी हैं।

सभा में उन्होंने राज्य सरकार की योजनाओं का भी उल्लेख किया और कहा कि बंगाल में लाखों महिलाओं को लक्ष्मी भंडार योजना का लाभ मिल रहा है। उन्होंने दावा किया कि केंद्र सरकार का इस योजना में कोई योगदान नहीं है।

अभिषेक ने भाजपा पर झूठे वादे करने का आरोप लगाते हुए कहा कि 15 लाख रुपये देने और दो करोड़ नौकरियों जैसे वादे कभी पूरे नहीं हुए।

उन्होंने कुड़माली भाषा को मान्यता देने के मुद्दे पर भी केंद्र सरकार को घेरा और कहा कि बार-बार मांग के बावजूद इसे स्वीकार नहीं किया गया।

अंत में अभिषेक बनर्जी ने विश्वास जताया कि बलरामपुर में तृणमूल कांग्रेस की जीत तय है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता