दीवारों पर लगी देवी-देवताओं की तस्वीरें हटाने को लेकर बजरंग दल का विरोध-प्रदर्शन
दुर्गापुर, 01 अगस्त (हि.स.)।
दुर्गापुर के सिटी सेंटर इलाके में दीवार पर लगी हिंदू देवी-देवताओं और सिख गुरुओं की तस्वीरों को लेकर शनिवार को बजरंग दल ने विरोध प्रदर्शन किया। संगठन का आरोप है कि जिन स्थानों पर ये तस्वीरें लगाई गई थीं, वहां से आम लोगों का लगातार आना-जाना होता था और लंबे समय से तस्वीरों के सामने थूकने, पेशाब करने तथा अन्य गंदी हरकतें की जा रही थीं, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत हो रही थीं।
बजरंग दल का कहना है कि इस मामले की जानकारी कई बार प्रशासन और पुलिस को दी गई, लेकिन स्थायी समाधान नहीं निकला। इसके विरोध में संगठन के कार्यकर्ता और समर्थक सिटी सेंटर में एकत्र हुए और प्रदर्शन किया।
बाद में पुलिस की अनुमति और मौजूदगी में छेनी-हथौड़ों की मदद से दीवार पर लगी देवी-देवताओं तथा सिख गुरुओं की तस्वीरों को एक-एक कर हटाया गया। इस दौरान कुछ समय के लिए इलाके में तनाव की स्थिति बनी रही, हालांकि पुलिस ने हालात पर नियंत्रण बनाए रखा।
बजरंग दल के शहर अध्यक्ष हरि शील ने दावा किया कि इस संबंध में पहले ही पुलिस को लिखित शिकायत दी गई थी। उन्होंने कहा कि प्रशासन की अनुमति मिलने के बाद ही तस्वीरों को हटाया गया। उनका कहना था कि किसी भी धर्म की तस्वीरें ऐसी जगह नहीं लगाई जानी चाहिए, जहां उनका अपमान होने की आशंका हो। संगठन ने प्रशासन से मांग की है कि भविष्य में इस प्रकार की स्थिति दोबारा उत्पन्न न होने दी जाए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

