रेजीनगर उपचुनाव : भाजपा प्रत्याशी के नाम की घोषणा के बाद पार्टी कार्यालय में उत्साह
मुर्शिदाबाद, 15 सितंबर (हि.स.)।
रेजीनगर विधानसभा उपचुनाव के लिए भाजपा प्रत्याशी के नाम की घोषणा होते ही बहरमपुर जिला भाजपा कार्यालय में उत्साह और जश्न का माहौल देखने को मिला। मंगलवार को भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने रेजीनगर विधानसभा उपचुनाव के लिए शांखारव सरकार को पार्टी का प्रत्याशी घोषित किया। प्रत्याशी के नाम की घोषणा के बाद शांखारव सरकार और भाजपा के जिलाध्यक्ष मलय महाजन ने संयुक्त रूप से पत्रकार वार्ता की।
पत्रकारों से बातचीत के दौरान दोनों नेताओं ने रेजीनगर विधानसभा सीट पर भाजपा की जीत को लेकर 100 प्रतिशत आशावादी होने का दावा किया। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता पूरी ताकत के साथ चुनाव मैदान में उतरेंगे और मतदाताओं का समर्थन भाजपा के पक्ष में जुटाने का प्रयास करेंगे।
इधर, प्रत्याशी के नाम की घोषणा के बाद बहरमपुर जिला भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा गया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने चयनित प्रत्याशी शांखारव सरकार का फूल और फूलों का गुलदस्ता देकर स्वागत किया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने उन्हें मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया। प्रत्याशी के स्वागत को लेकर पार्टी कार्यालय में काफी देर तक उत्सव जैसा माहौल बना रहा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

