बागनान भाजपा कार्यकर्ता हत्याकांड : मुख्य आरोपित शेख सैफुद्दीन गिरफ्तार, अब तक 11 आरोपित दबोचे गए
कोलकाता, 28 जून (हि. स.)। हावड़ा जिले के बागनान में भाजपा कार्यकर्ता प्रशांत दे की हत्या के मामले में पुलिस ने एक और प्रमुख आरोपित शेख सैफुद्दीन को गिरफ्तार कर लिया है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी द्वारा दोषियों को हर हाल में गिरफ्तार करने के निर्देश दिए जाने के कुछ घंटों बाद शनिवार रात सीआईडी और जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने श्यामपुर थाना क्षेत्र में अभियान चलाकर उसे दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपित को रविवार को अदालत में पेश किया जाएगा।
प्रशांत हत्याकांड में दर्ज प्राथमिकी में 51 लोगों को नामजद किया गया है। इस मामले में अब तक कुल 11 आरोपितों की गिरफ्तारी हो चुकी है। जांच की जिम्मेदारी पहले ही सीआईडी को सौंपी जा चुकी है, जो जिला पुलिस के साथ मिलकर मामले की जांच कर रही है।
शनिवार को मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी बागनान पहुंचकर मृतक भाजपा कार्यकर्ता के परिजनों से मिले और उन्हें हर संभव सहायता का भरोसा दिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि राज्य में अब कानून का शासन स्थापित हो चुका है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि सीआईडी को सभी आरोपितों को गिरफ्तार करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं।
उल्लेखनीय है कि 17 जून की रात प्रशांत अपने कुछ साथियों के साथ बागनान के पाइकपाड़ी गांव स्थित तृणमूल कांग्रेस नेता एवं आंटिला पंचायत के उपप्रधान मफिजुल इस्लाम खान के घर के बाहर विरोध प्रदर्शन करने पहुंचे थे। भाजपा का आरोप है कि इसी दौरान मफिजुल इस्लाम खान और उसके समर्थकों ने प्रदर्शनकारियों पर हमला कर दिया। इस हमले में प्रशांत दे की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य भाजपा कार्यकर्ता घायल हो गए।
घटना के दिन ही पुलिस ने आठ लोगों को गिरफ्तार किया था। इसके बाद एक महिला सहित दो और आरोपितों को पकड़ा गया। अब शेख सैफुद्दीन की गिरफ्तारी के साथ इस मामले में गिरफ्तार आरोपितों की संख्या बढ़कर 11 हो गई है। पुलिस अन्य फरार आरोपितों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

