क्रांतिकारी बाघा जतिन की पुण्यतिथि पर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने दी श्रद्धांजलि
कोलकाता, 10 सितंबर (हि. स.)। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने गुरुवार सुबह महान क्रांतिकारी और स्वतंत्रता सेनानी बाघा जतिन की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने समाज माध्यम पर पोस्ट कर बाघा जतिन के नाम से प्रसिद्ध जतिंद्रनाथ मुखर्जी के आत्मबलिदान को याद किया।
शुभेंदु अधिकारी ने अपने संदेश में लिखा, “सशस्त्र क्रांतिकारी, स्वतंत्रता सेनानी बाघा जतिन, जतिंद्रनाथ मुखर्जी के आत्मबलिदान दिवस पर विनम्र श्रद्धांजलि।”
जतिंद्रनाथ मुखर्जी का जन्म सात दिसंबर 1879 को हुआ था। वे बंगाल के प्रमुख क्रांतिकारियों में शामिल थे और ब्रिटिश शासन के विरुद्ध सशस्त्र आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। बाघ से मुकाबला कर उसे मार गिराने की घटना के बाद उन्हें ‘बाघा जतिन’ के नाम से प्रसिद्धि मिली।
नौ सितंबर 1915 को ओडिशा के बालासोर में ब्रिटिश पुलिस के साथ मुठभेड़ में वे गंभीर रूप से घायल हुए थे। अगले दिन, 10 सितंबर 1915 को उन्होंने अंतिम सांस ली। उनकी पुण्यतिथि पर देशभर में उन्हें स्वतंत्रता संग्राम के साहसी क्रांतिकारी के रूप में याद किया जाता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

