home page

बादुड़िया चेयरमैन के खेत में दफन था कुबेर का खजाना, मिट्टी खोदते ही निकले नोटों से भरे बैग

 | 
बादुड़िया चेयरमैन के खेत में दफन था कुबेर का खजाना, मिट्टी खोदते ही निकले नोटों से भरे बैग


कोलकाता, 27 मई (हि.स.)।

पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के बादुड़िया में बुधवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब पुलिस ने पाट के खेत में मिट्टी खोदकर भारी मात्रा में नकदी बरामद की। भ्रष्टाचार के मामले में गिरफ्तार तृणमूल नेता और बादुड़िया नगर पालिका के चेयरमैन दीपंकर भट्टाचार्य को साथ लेकर पहुंची पुलिस ने खेत से रुपये से भरे चार ट्रॉली बैग और एक बोरा बरामद किया। शुरुआती अनुमान के अनुसार, अब तक करीब 80 लाख रुपये मिलने की पुष्टि हुई है, हालांकि पूरी रकम की गिनती अभी जारी है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, होटल से गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में मिले इनपुट के आधार पर बुधवार को तृणमूल कार्यालय के पास स्थित पाट के खेत में अभियान चलाया गया। खुदाई शुरू होते ही जमीन के नीचे दबाकर रखे गए बैग और बोरे बाहर निकाले गए। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि सभी बैगों में 500 रुपये के नोटों की गड्डियां भरी हुई थीं।

स्थानीय लोगों के अनुसार, 24 मई की रात दीपंकर भट्टाचार्य के कार्यालय और तृणमूल कार्यालय से वैन के जरिए सरकारी तिरपाल हटाए जाते देखे गए थे। इसकी सूचना पुलिस को दी गई थी। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपित वहां से फरार हो गए थे। बाद में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बड़ी मात्रा में जले हुए दस्तावेज भी बरामद किए।

तलाशी अभियान के दौरान एक बागानबाड़ी से करीब चार हजार सरकारी तिरपाल भी जब्त किए गए हैं। इससे पहले सोमवार को होटल से दीपंकर भट्टाचार्य की गिरफ्तारी के समय भी लगभग 80 लाख रुपये नकद बरामद हुए थे। मंगलवार को अदालत ने उन्हें छह दिन की पुलिस हिरासत में भेजा था।

स्थानीय निवासी चिन्मय कुलबी ने दावा किया कि खेत से निकली रकम कई करोड़ रुपये तक हो सकती है। अब सवाल उठ रहे हैं कि इतनी बड़ी मात्रा में नकदी कहां से आई। कुछ लोगों का आरोप है कि सरकारी आवास योजना के पैसे का गबन किया गया, जबकि अन्य इसे उगाही का पैसा बता रहे हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर