आर्थिक गड़बड़ी के आरोप में बदुरिया नगरपालिका चेयरमैन गिरफ्तार, सरकारी तिरपाल और जले दस्तावेज बरामद
उत्तर 24 परगना, 26 मई (हि. स.)। जिले के बदुरिया नगरपालिका के चेयरमैन दीपंकर भट्टाचार्य को आर्थिक अनियमितता और सरकारी सामान के दुरुपयोग के आरोप में पुलिस ने सोमवार रात गिरफ्तार किया है। मंगलवार को उन्हें बशीरहाट महकमा अदालत में पेश किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार, बदुरिया नगरपालिका के 12 नंबर वार्ड स्थित दीपंकर भट्टाचार्य के घर के पास मौजूद पार्टी कार्यालय और एक सुनसान बागानबाड़ी से रविवार रात बड़ी संख्या में सरकारी तिरपाल और जले हुए दस्तावेज बरामद किए गए।
आरोप है कि चेयरमैन के घर के समीप स्थित नगरपालिका के कंप्यूटर ट्रेनिंग सेंटर की चाबी भी उनके पास रहती थी। वहीं से करीब 80 लाख रुपये नकद बरामद होने की बात सामने आई है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि पार्टी कार्यालय से वैन में भरकर बड़ी संख्या में तिरपाल और लाठियां दूसरी जगह भेजी गईं। साथ ही पार्टी कार्यालय के सामने दस्तावेजों के बंडलों को आग लगाकर नष्ट किया गया। रविवार देर रात हुई इस घटना की सूचना पाकर बदुरिया थाने की पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस को देखते ही आरोपित वहां से फरार हो गए। पुलिस ने पार्टी कार्यालय और पास के एक सुनसान बागानबाड़ी से भारी मात्रा में सरकारी तिरपाल सहित अन्य सामान बरामद किया।
इस मामले में भाजपा की ओर से बदुरिया थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने सोमवार रात दीपंकर भट्टाचार्य को गिरफ्तार कर लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

