आयुष्मान भारत योजना के एक महीने पूरे, बंगाल में 50 हजार से अधिक मरीजों का हुआ इलाज : शुभेंदु अधिकारी
कोलकाता, 14 सितंबर (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के लागू होने के एक महीने पूरे होने पर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सोमवार को योजना की उपलब्धियां साझा कीं। उन्होंने कहा कि राज्य में योजना के लागू होने के बाद अब तक 50 हजार से अधिक लोगों को अस्पतालों में उपचार मिला है और 28 करोड़ रुपये से अधिक के इलाज को योजना के तहत कवर किया गया है।
शुभेंदु अधिकारी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर कहा कि 16 अगस्त, 2026 को पश्चिम बंगाल में आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना लागू की गई थी। इसके एक महीने के भीतर ही इसका लाभ राज्य के हजारों परिवारों तक पहुंचा है। उन्होंने इसे हर नागरिक, विशेषकर वंचित वर्गों को सुलभ, सम्मानजनक और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
मुख्यमंत्री के अनुसार, योजना के तहत पहले महीने में 50 हजार से अधिक लोगों को विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में अस्पताल में भर्ती कर उपचार दिया गया। लाभार्थियों को 28 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की आवश्यक चिकित्सा सेवाएं भी उपलब्ध कराई गईं।
उन्होंने बताया कि राज्य के बाहर इलाज की जरूरत वाले 1,102 से अधिक मरीजों ने भी आयुष्मान योजना के माध्यम से पश्चिम बंगाल के बाहर स्थित अस्पतालों में चिकित्सा सुविधा का लाभ उठाया। वहीं, स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति राज्य की प्रतिबद्धता का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इसी अवधि में पश्चिम बंगाल के अस्पतालों में दूसरे राज्यों से आए 1,849 मरीजों का भी उपचार किया गया।
शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि स्वास्थ्य प्रत्येक नागरिक का मौलिक अधिकार है। उनकी सरकार सार्वजनिक स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने, जरूरतमंद परिवारों पर इलाज का आर्थिक बोझ कम करने और यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि कोई भी व्यक्ति स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित न रहे।
मुख्यमंत्री ने योजना को सफल बनाने में योगदान देने वाले डॉक्टरों, नर्सों, स्वास्थ्यकर्मियों और प्रशासनिक अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे चौबीसों घंटे अथक परिश्रम कर रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

