home page

चुनावी ड्यूटी के दौरान केंद्रीय बल के जवान की रहस्यमय परिस्थितियों में मौत

 | 
चुनावी ड्यूटी के दौरान केंद्रीय बल के जवान की रहस्यमय परिस्थितियों में मौत


पश्चिम मेदिनीपुर, 20 अप्रैल (हि. स.)। जिले के दांतन में चुनावी ड्यूटी के दौरान केंद्रीय बल के एक जवान की रहस्यमय परिस्थितियों में मौत हो गई। सोमवार सुबह घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल फैल गया। मृत जवान की पहचान आर. लालफाकवामा (39) के रूप में हुई है। वह मिजोरम के निवासी थे और केंद्रीय बल की 314वीं बटालियन में कांस्टेबल के पद पर कार्यरत थे।

पुलिस और केंद्रीय बल के सूत्रों के अनुसार, लोकसभा चुनाव के मद्देनज़र गत पांच अप्रैल को केंद्रीय बल की एक टीम के साथ वह दांतन पहुंचे थे। बताया गया है कि यहां आने के बाद से ही उनकी तबीयत ठीक नहीं थी।

सहकर्मियों के मुताबिक, जिस दिन वह यहां पहुंचे थे उसी दिन उन्हें चक्कर आने के कारण गिर गए थे। इसके बाद चिकित्सक की सलाह पर उन्हें दवाइयां दी गईं और कुछ हद तक ठीक महसूस करने के कारण उन्हें विशेष ड्यूटी नहीं दी गई थी और वह आराम कर रहे थे। सोमवार सुबह काफी देर तक बिस्तर से न उठने पर सहकर्मियों को संदेह हुआ। पास जाकर देखने पर वह अचेत अवस्था में पड़े मिले। उन्हें तत्काल दांतन ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया, जहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सहकर्मियों का प्राथमिक अनुमान है कि नींद के दौरान ही उनकी तबीयत अचानक बिगड़ने से मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता