आवास योजना सर्वेक्षण की अवधि 15 दिन बढ़ी, काम पूरा करने पर जोर
कोलकाता, 13 अगस्त (हि.स.)। पश्चिम बंगाल आवास योजना के सर्वेक्षण की अवधि 15 दिन बढ़ा दी गई है। पहले सर्वेक्षण का काम 15 अगस्त तक पूरा किया जाना था। अब सर्वेक्षण के लिए 15 दिन का अतिरिक्त समय दिया गया है। यह जानकारी गुरुवार को दुर्गापुर में राज्य के पंचायत एवं ग्राम विकास मंत्री दिलीप घोष ने दी।
दुर्गापुर के सिटी सेंटर स्थित सृजनी प्रेक्षागृह में पूर्व और पश्चिम बर्धमान जिले के प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक के बाद मंत्री ने बताया कि भारी बारिश और खराब मौसम के कारण सर्वेक्षण के काम में देरी हुई है। पंचायत विभाग में 11 हजार से अधिक कर्मचारियों की कमी भी है। ऐसे में घर-घर जाकर सर्वेक्षण पूरा करने के लिए अतिरिक्त समय दिया गया है।
मंत्री ने कहा कि जिन घरों में अभी तक सर्वेक्षण कर्मी नहीं पहुंच पाए हैं या किसी कारण से सर्वेक्षण नहीं हो सका है, उनकी जानकारी और पता ईमेल के माध्यम से देने पर वहां कर्मी भेजकर सर्वेक्षण कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि पहले चरण में करीब 30 लाख घरों के लिए राशि दी गई थी। इनमें करीब 12 लाख घरों का काम पूरा हो चुका है। इन लाभार्थियों की पात्रता की फिर से जांच की जा रही है। करीब 18 लाख घरों का काम अभी बाकी है।
दूसरे चरण में 20 लाख 20 हजार लाभार्थियों को राशि दी गई। इनमें करीब 12 हजार 500 नाम अपात्र पाए गए हैं। इन लोगों को राशि लौटाने के लिए नोटिस दिया गया है। करीब एक हजार लोग राशि वापस कर चुके हैं।
मंत्री ने कहा कि आवास योजना और 100 दिन के काम सहित विभिन्न योजनाओं में अनियमितता की जांच के लिए राज्य की 10 प्रतिशत पंचायतों में विशेष लेखा जांच चल रही है। गड़बड़ी मिलने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। गरीबों के नाम पर राशि का दुरुपयोग करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
बैठक में 125 दिन के काम और आवास योजना की प्रगति की भी समीक्षा की गई। दोनों जिलों के अधिकारियों को काम तेजी से पूरा करने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

