महाशक्ति कालीबाड़ी मंदिर में दुस्साहसिक चोरी
सिलीगुड़ी, 31 मई (हि. स.)। सिलीगुड़ी के लेक टाउन स्थित प्रसिद्ध महाशक्ति कालीबाड़ी मंदिर में दुस्साहसिक चोरी की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है। मंदिर सिलीगुड़ी मेट्रोपॉलिटन पुलिस के न्यू जलपाईगुड़ी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है और स्थानीय लोगों के लिए अत्यंत आस्था का केंद्र माना जाता है।
मिली जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह जब मंदिर के पुजारी पिंटू चौधरी और अन्य सेवायत मंदिर पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ है। अंदर जाकर देखने पर पता चला कि चोरों ने मंदिर में रखी देवी मां की मूर्ति के सभी आभूषण, पूजा सामग्री और बर्तन चोरी कर लिए हैं।
इसके अलावा, दान पेटी को तोड़कर लगभग 30 हजार रुपये नकद लेकर चोर फरार हो गए। आरोप है कि बदमाश मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को पुलिस खंगाल रही है। घटना की सूचना पाकर न्यू जलपाईगुड़ी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले का जायजा लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

