home page

सरकारी अस्पताल के अंदर दो नर्सों पर हमला

 | 
सरकारी अस्पताल के अंदर दो नर्सों पर हमला


दार्जिलिंग, 22 अक्टूबर (हि. स.)। दार्जिलिंग डिस्ट्रिक्ट अस्पताल के क्रिटिकल केयर यूनिट (सीसीयू) में भर्ती एक मरीज़ पर बुधवार देर रात अस्पताल में हंगामा करने एवं हमला करने का आरोप लगा है। हमले में ड्यूटी पर मौजूद दो नर्सें गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायलों के नाम नर्स प्रभा छेत्री और लक्ष्मी राय है जो अस्पताल में इलाजरत हैं।

अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, मंगलवार देर रात बतसिया के निवासी सजल राय नामक एक युवक को गंभीर हालत में डिस्ट्रिक्ट अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बुधवार रात करीब दो बजे मरीज़ अचानक बहुत ज़्यादा हिंसक हो गया। अस्पताल के स्टाफ़ स्थिति को संभाल पाते, कि सजल राय ने ड्यूटी पर मौजूद दो नर्सों प्रभा छेत्री और लक्ष्मी राय पर हमला कर दिया। दोनों बुरी तरह घायल हुयी। चीख-पुकार सुनकर साथी आरोपित को रोकने के लिए दौड़े और घायल नर्सों के इलाज का इंतज़ाम किया गया।

घटना की सूचना पाकर स्थानीय विधायक नोमान राय खुद हालात का जायजा लेने दार्जिलिंग डिस्ट्रिक्ट अस्पताल पहुंचे। सीसीयू का दौरा करने के बाद, उन्होंने घायल नर्सों की हालत के बारे में पूछा और बाद में सीधे दार्जिलिंग सदर पुलिस स्टेशन जाकर पुलिस अधिकारियों से मिले। विधायक ने घटना की निष्पक्ष और पूरी जांच की मांग की और आरोपियों को सख्त से सख्त सज़ा देने की मांग की। उन्होंने साफ संदेश दिया कि काम की जगह पर मेडिकल कर्मचारियों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होना चाहिए।

इस घटना के बाद से सरकारी अस्पताल के सुरक्षा इंतज़ाम को लेकर काफी चिंतित है और पूरे इलाके में आक्रोश का माहौल है।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गंगा