कूचबिहार में दिनदहाड़े चेयरमैन के घर हमला, इलाके में सनसनी
कूचबिहार, 17 जुलाई (हि. स.)। शहर के वार्ड नंबर तीन में नगरपालिका चेयरमैन दिलीप साहा के घर पर शुक्रवार दोपहर कुछ बदमाशों द्वारा किए गए हमले से इलाके में सनसनी फैल गई। आरोप है कि बाइक पर सवार आठ–10 लोग उनके घर के सामने पहुंचकर नारेबाजी करने लगे और घर पर अंडे फेंके। पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावर ‘चोर’ के नारे लगाते हुए लगातार घर को निशाना बनाकर अंडे फेंक रहे थे। घटना के समय चेयरमैन दिलीप साहा, उनकी पत्नी रुम्पा साहा और बेटी घर में मौजूद थे। हमलावरों ने यह भी मांग की कि दिलीप साहा तुरंत अपने पद से इस्तीफा दें।
चेयरमैन की पत्नी रुम्पा साहा ने बताया कि हम घर के अंदर थे। सीसीटीवी फुटेज में देखा कि कुछ लोग आकर अंडे फेंक रहे हैं और बार-बार पूछ रहे हैं कि मेरे पति कब इस्तीफा देंगे। घटना को अंजाम देने के बाद सभी हमलावर मौके से फरार हो गए।
सूचना मिलने पर कोतवाली थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज जब्त कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि यह हमला राजनीतिक रंजिश के चलते हुआ या नगरपालिका के किसी काम को लेकर विवाद का परिणाम है।
इस घटना को लेकर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप भी शुरू हो गया है।
आरोप है कि जनप्रतिनिधि को निशाना बनाने के पीछे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का हाथ है। जबकि भाजपा ने इस आरोप को सिरे से खारिज करते हुए इसे अंदरूनी विवाद का नतीजा बताया है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

