भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमला, छह गंभीर रूप से घायल
जलपाईगुड़ी, 05 मई (हि. स.)। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव नतीजे 2026 के नतीजों के बाद जलपाईगुड़ी के रंगधामाली इलाके में मंगलवार को हिंसा की घटना सामने आई है। आरोप है कि तृणमूल कांग्रेस के नेता कृष्ण दास के समर्थकों ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ताओं पर हमला किया।
स्थानीय जानकारी के अनुसार, बेलाकोबा क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ता जीत के बाद मान्यता पूरी करने के लिए बोदागंज स्थित भ्रामरी देवी मंदिर जा रहे थे। इसी दौरान रंगधामाली इलाके में कथित तौर पर रास्ता रोककर उन पर हमला किया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हमलावरों के पास धारदार हथियार और लाठियां थी। भाजपा कार्यकर्ताओं को गाड़ियों से खींचकर बाहर निकाला गया और बेरहमी से पीटा गया। इस हमले में छह भाजपा कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें जलपाईगुड़ी सरकारी मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना पाकर पुलिस और केंद्रीय बल मौके पर पहुंचे और इलाके में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है, ताकि आगे किसी तरह की हिंसा न फैले। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपितों की पहचान कर कार्रवाई की तैयारी में जुटी है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

