home page

जलपाईगुड़ी में निलंबित युवा कांग्रेस नेता के घर पर हमला,  शिकायत दर्ज

 | 
जलपाईगुड़ी में निलंबित युवा कांग्रेस नेता के घर पर हमला,  शिकायत दर्ज


जलपाईगुड़ी, 06 नवंबर (हि. स.)। शहर के बिलपाड़ा इलाके में युवा कांग्रेस के निलंबित जिलाध्यक्ष नव्येंदु मौलिक के घर पर देर रात हमला किए जाने का आरोप लगा है। इस संबंध में उन्होंने शुक्रवार को अज्ञात हमलावरों के खिलाफ कोतवाली थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।

नव्येंदु मौलिक के अनुसार, गुरुवार देर रात करीब दो बजे से साढ़े तीन बजे के बीच दो चरणों में उनके घर पर हमला किया गया। आरोप है कि दो स्कूटी पर सवार होकर कुल छह युवक उनके घर पहुंचे और बाहर खड़े होकर गाली-गलौज करने लगे। इसके बाद घर की ओर पत्थर फेंके गए और दीपावली के अवसर पर लगाई गई सजावटी लाइटों को तोड़ दिया गया। पत्थर फेंकने की आवाज सुनकर परिवार के सदस्य बाहर निकलते, उससे पहले ही सभी आरोपित मौके से फरार हो गए। रात का अंधेरा होने के कारण हमलावरों की पहचान नहीं हो सकी है।

घटना की सूचना पाकर कोतवाली थाने की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। हालांकि, अपनी शिकायत में नव्येंदु ने किसी व्यक्ति का नाम नहीं लिया है। घटना के बाद उनका परिवार दहशत में है और जल्द से जल्द आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग कर रहा है।

पार्टी सूत्रों के अनुसार, कुछ समय तक निष्क्रिय रहने के बाद 27 अक्टूबर को नव्येंदु को दोबारा युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। हालांकि, दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित कार्यक्रम में शामिल नहीं होने के कारण चार नवंबर को केंद्रीय नेतृत्व ने उन्हें फिर से पद से निलंबित कर दिया था।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार