उत्तरपाड़ा में निजी बैंक के एटीएम को रसायन डालकर क्षतिग्रस्त करने का प्रयास
हुगली, 17 जुलाई (हि. स.)। जिले के उत्तरपाड़ा स्थित जीटी रोड पर एक निजी बैंक के एटीएम में अज्ञात युवक द्वारा तरल रसायन डालकर उसे क्षतिग्रस्त करने और संभावित लूट की कोशिश का मामला सामने आया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपित की तलाश में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह बैंक खुलने के बाद ग्राहकों ने शिकायत की कि एटीएम काम नहीं कर रहा है। जांच करने पर बैंक कर्मचारियों ने पाया कि एटीएम का कीपैड पूरी तरह जाम हो चुका है और मशीन के कीपैड सहित कई हिस्सों पर किसी तरल रसायन के निशान मौजूद हैं। इसके बाद तत्काल एटीएम काउंटर को बंद कर दिया गया और उत्तरपाड़ा थाना पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर पता चला कि गुरुवार देर रात करीब 12 बजे से 12:30 बजे के बीच एक युवक एटीएम में दाखिल हुआ और अपने साथ लाई गई बोतल से मशीन के विभिन्न हिस्सों पर तरल रसायन डालता दिखाई दिया।
पुलिस अब आरोपित की पहचान करने के साथ-साथ यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि एटीएम में किस प्रकार का रसायन डाला गया था।
उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ वर्षों में उत्तरपाड़ा थाना क्षेत्र में एटीएम मशीनों को तोड़ने और लूटने के प्रयास की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। ताजा घटना के बाद क्षेत्र में एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

