home page

जलपाईगुड़ी मेडिकल कॉलेज में प्रसूता के पति से मारपीट का आरोप, अस्पताल परिसर में हंगामा

 | 
जलपाईगुड़ी मेडिकल कॉलेज में प्रसूता के पति से मारपीट का आरोप, अस्पताल परिसर में हंगामा


जलपाईगुड़ी , 24 अक्टूबर (हि.स.)। जलपाईगुड़ी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के ‘मातृमा’ (मदर एंड चाइल्ड हब) विभाग में एक प्रसूता के पति के साथ कथित मारपीट और मरीज के परिजनों से दुर्व्यवहार को लेकर तनाव फैल गया। इस मामले में सुरक्षा गार्डों के खिलाफ कोतवाली थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, समीर सरकार शनिवार शाम अपनी हाल ही में प्रसव करने वाली पत्नी और बीमार बच्चे को देखने अस्पताल पहुंचे थे। आरोप है कि उनके पास विजिटिंग कार्ड होने के बावजूद सुरक्षा गार्डों ने उन्हें अंदर जाने से रोक दिया। इस दौरान विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि एक सुरक्षा गार्ड ने उन्हें थप्पड़ मारा और जबरन अंदर खींचकर उनके साथ मारपीट की।

घटना के बाद अन्य मरीजों के परिजनों ने भी अस्पताल के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने सुरक्षा गार्डों पर मनमानी करने के साथ ही अस्पताल कर्मचारियों पर अवैध रूप से पैसे वसूलने के गंभीर आरोप लगाए।

सूचना मिलने पर कोतवाली थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।

वहीं, सरकारी नियमों का हवाला देते हुए अस्पताल प्रबंधन ने मीडिया के सामने कोई टिप्पणी नहीं की। सूत्रों के मुताबिक, मामले में आरोपित सुरक्षा गार्ड की भूमिका की जांच की जा रही है

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार