home page

विधानसभा में बुधवार को भाजपा विधायक दल की बैठक, मुख्यमंत्री करेंगे विधायकों का मार्गदर्शन

 | 
विधानसभा में बुधवार को भाजपा विधायक दल की बैठक, मुख्यमंत्री करेंगे विधायकों का मार्गदर्शन


मंत्रियों और विधायकों के कार्यों की होगी समीक्षा

कोलकाता, 24 जुलाई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा के बजट सत्र के दौरान शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी विधायक दल की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होगी। बैठक में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी भाजपा विधायकों को सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, जनसंपर्क और विकास कार्यक्रमों को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की रणनीति पर विशेष मार्गदर्शन देंगे। साथ ही पिछले लगभग तीन महीनों के दौरान विधायकों और मंत्रियों के कार्यों की समीक्षा भी की जाएगी।

सूत्रों के अनुसार, सुबह 10 बजे विधानसभा के नैशाद अली कक्ष में भाजपा विधायक दल की बैठक होगी। मुख्यमंत्री इस दौरान करीब एक घंटे तक विधायकों के साथ संवाद करेंगे और चुनावी संकल्प पत्र तथा वर्ष 2026-27 के राज्य बजट में घोषित योजनाओं को जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करने की कार्ययोजना प्रस्तुत करेंगे।

बैठक में विधायकों को यह भी बताया जाएगा कि अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में योजनाओं के क्रियान्वयन के दौरान आने वाली समस्याओं की पहचान कैसे करें और उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन के साथ किस प्रकार समन्वय स्थापित करें।

बैठक का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना होगा कि केंद्र और राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचे और कोई भी लाभार्थी इससे वंचित न रहे। मुख्यमंत्री विधायकों को अगले आठ महीनों के लिए क्षेत्रवार कार्ययोजना भी सौंपेंगे, ताकि योजनाओं का लाभ गांव-गांव और घर-घर तक समयबद्ध तरीके से पहुंचाया जा सके।

सूत्रों का कहना है कि नई सरकार बनने के बाद प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक जवाबदेह, पारदर्शी और परिणामोन्मुख बनाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है। सरकार चाहती है कि योजनाएं केवल घोषणाओं तक सीमित न रहें, बल्कि उनका लाभ निर्धारित समय सीमा के भीतर आम जनता तक पहुंचे। इसी उद्देश्य से जनप्रतिनिधियों की जवाबदेही और उनकी भूमिका को और अधिक प्रभावी बनाने पर विशेष बल दिया जाएगा।

विधानसभा की कार्यवाही के दौरान मुख्यमंत्री विभिन्न विभागों से संबंधित भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (कैग) की रिपोर्ट भी सदन के पटल पर रखेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर