home page

कूचबिहार में विरासत बचाने की पहल, ‘यमुना दीघि’ से सफाई अभियान में उतरे विधानसभा स्पीकर

 | 
कूचबिहार में विरासत बचाने की पहल, ‘यमुना दीघि’ से सफाई अभियान में उतरे विधानसभा स्पीकर


कूचबिहार, 03 अगस्त (हि. स.)। ‘दीघियों के शहर’ की खोई विरासत को लौटाने के लिए अब खुद पश्चिम बंगाल विधानसभा स्पीकर रथींद्र बोस सोमवार को मैदान में उतर आए हैं। राजकालीन ऐतिहासिक पहचान रखने वाले उत्तर बंगाल के कूचबिहार को कभी ‘दीघियों का शहर’ कहा जाता था, लेकिन देखरेख के अभाव में आज अधिकांश जलाशयों की स्थिति जर्जर हो चुकी है।

इसी खोई हुई पहचान को फिर से जीवित करने के उद्देश्य से विधानसभा स्पीकर एवं कूचबिहार दक्षिण के विधायक रथींद्र बोस ने पहल की है। चुनाव के दौरान उन्होंने शहर की ऐतिहासिक दीघियों के पुनर्निर्माण और सौंदर्यीकरण का वादा किया था, जिसे अब जमीन पर उतारा जा रहा है।

सोमवार से आधिकारिक रूप से ‘दीघि सफाई अभियान’ की शुरुआत हुई। इस अभियान की शुरुआत कूचबिहार नगरपालिका और जिला प्रशासन के संयुक्त प्रयास से वार्ड नंबर 19 में स्थित ‘यमुना दीघि’ की सफाई से की गई, जो विधानसभा स्पीकर के घर के पास स्थित है।

इस अभियान का सबसे खास पहलू यह रहा कि नगर कर्मियों के साथ-साथ स्वयं विधानसभा स्पीकर रथींद्र बोस भी सफाई कार्य में सक्रिय रूप से शामिल हुए। उनके इस कदम को लेकर स्थानीय लोगों में काफी उत्साह देखा गया।

प्रशासन का मानना है कि आने वाले दिनों में इस तरह के प्रयासों से कूचबिहार की ऐतिहासिक जलाशयों की पहचान फिर से स्थापित होगी और शहर की सौंदर्यता भी बढ़ेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार