‘पहले जो सत्र का बहिष्कार करते थे, आज वही ज्ञान दे रहे हैं’ : शोभनदेव चट्टोपाध्याय
कोलकाता, 15 मई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा के शुक्रवार से शुरू हुए सत्र के पहले दिन सदन के अंदर और बाहर दोनों तरफ राजनीतिक बयानबाजी देखी गई। तृणमूल कांग्रेस के विधायक और नवगठित विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शोभनदेव चट्टोपाध्याय ने सत्ता पक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग पहले विधानसभा सत्र का बहिष्कार करते थे, वही अब सदन की कार्यवाही और लोकतंत्र पर सवाल उठा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सदन में आज कई तरह की बहस और टकराव देखने को मिले। उनके अनुसार, जो नेता पहले लगभग हर बार सत्र का बहिष्कार करते थे, वही अब सदन की मर्यादा और नियमों पर टिप्पणी कर रहे हैं।
शोभनदेव चट्टोपाध्याय ने यह भी आरोप लगाया कि पिछले कुछ वर्षों में विपक्ष ने कई नियमों और परंपराओं का पालन नहीं किया, लेकिन अब वही लोग उन मुद्दों को लेकर सक्रिय दिख रहे हैं।
इसके साथ ही उन्होंने राज्य की कानून-व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कई बार पीड़ित लोग पुलिस के पास शिकायत लेकर जाते हैं, लेकिन उनकी बात को ठीक से नहीं सुना जाता और शिकायत दर्ज करने के तरीके पर भी सवाल उठते हैं।
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल विधानसभा के 18वें सत्र के पहले दिन ही माहौल गरम रहा। मतदान के बाद हुई कथित हिंसा के मुद्दे पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस देखने को मिली।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

