पश्चिम बंगाल विधानसभा में पहले दिन 144 विधायकों ने ली शपथ
कोलकाता, 13 मई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा में बुधवार को शपथ ग्रहण समारोह के पहले दिन कुल 144 नवनिर्वाचित विधायकों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली।
प्रोटेम स्पीकर तापस राय ने बताया कि शेष 146 विधायकों का शपथ ग्रहण गुरुवार, 14 मई को होगा। उन्होंने कहा कि बुधवार को कुल 150 विधायकों को शपथ लेनी थी, लेकिन विभिन्न कारणों से छह विधायक उपस्थित नहीं हो सके।
तापस राय ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि आज 12 जिलों के विधायकों ने शपथ ली, जिनमें उत्तर बंगाल के नौ जिले और मुर्शिदाबाद शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि कोलकाता, हावड़ा, हुगली, पूर्व एवं पश्चिम मेदिनीपुर, पूर्व एवं पश्चिम बर्धमान, झारग्राम, पुरुलिया, बांकुड़ा और बीरभूम जिलों के विधायकों के साथ-साथ आज अनुपस्थित रहने वाले विधायकों का शपथ ग्रहण गुरुवार को किया जाएगा।
प्रोटेम स्पीकर ने यह भी बताया कि विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए चुनाव शुक्रवार को आयोजित किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि आज ही मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने भी भवानीपुर के विधायक के तौर पर शपथ ली है। उन्होंने नंदीग्राम सीट छोड़ने का ऐलान किया।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

