home page

सिलीगुड़ी में व्यवसायियों के साथ मंत्री शंकर घोष ने की असम बाढ़ पीड़ितों के लिए राहत कोष जुटाने की पहल

 | 
सिलीगुड़ी में व्यवसायियों के साथ मंत्री शंकर घोष ने की असम बाढ़ पीड़ितों के लिए राहत कोष जुटाने की पहल


सिलीगुड़ी, 03 अगस्त (हि.स.)। असम में आई भीषण बाढ़ और प्राकृतिक आपदा से प्रभावित लोगों की सहायता के लिए सिलीगुड़ी में एक सराहनीय मानवीय पहल देखने को मिली है। सिलीगुड़ी हॉकर कॉर्नर व्यापारी समिति और महावीरस्थान व्यापारी समिति ने संयुक्त रूप से राहत कोष संग्रह अभियान का आयोजन किया।

बाजार परिसर में सोमवार को आयोजित इस विशेष अभियान में बड़ी संख्या में व्यापारी और आम लोग शामिल हुए। कार्यक्रम में सिलीगुड़ी के विधायक एवं राज्य के पर्यटन मंत्री शंकर घोष भी मौजूद रहे। उन्होंने बाजार के विभिन्न हिस्सों का दौरा कर खुद व्यापारियों और आम नागरिकों से राहत के लिए अनुदान एकत्र किया।

इस दौरान मंत्री शंकर घोष ने सभी लोगों से इस नेक कार्य में आगे आने की अपील की। उन्होंने कहा कि पड़ोसी राज्य असम इस समय गंभीर संकट से गुजर रहा है और ऐसे समय में सभी को एकजुट होकर मदद करनी चाहिए।उन्होंने यह भी बताया कि एकत्रित की गई राशि असम के मुख्यमंत्री राहत कोष में जमा की जाएगी, ताकि बाढ़ प्रभावित लोगों तक जल्द से जल्द सहायता पहुंचाई जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार