home page

(संशोधित) चुनाव 26 : अग्निमित्रा पाल के विधायक बनने के बाद आय में आई गिरावट

 | 
(संशोधित) चुनाव 26 : अग्निमित्रा पाल के विधायक बनने के बाद आय में आई गिरावट


(हेडिंग में संशोधन के साथ पुनः जारी)

आसनसोल, 03 अप्रैल (हि. स.)। आसनसोल साउथ विधानसभा सीट से भाजपा विधायक अग्निमित्रा पाल के हलफनामों के आधार पर उनकी आय, संपत्ति और कानूनी स्थिति में पिछले कुछ वर्षों में बड़ा बदलाव देखने को मिला है।

वर्ष 2015-16 से 2019-20 के बीच, यानी विधायक बनने से पहले, उनकी कुल आय 81.49 लाख रुपये थी। इस दौरान उनकी औसत वार्षिक आय 16.29 लाख रुपये रही। लेकिन विधायक बनने के बाद, वर्ष 2020-21 से 2024-25 के बीच उनकी कुल आय घटकर 18.65 लाख रुपये रह गई, जिससे उनकी औसत सालाना आय केवल 3.73 लाख रुपये रह गई। इससे साफ है कि विधायक बनने के बाद उनकी आय में उल्लेखनीय गिरावट आई है।

संपत्ति के मामले में 2021 और 2026 के हलफनामों की तुलना करें तो चल संपत्ति में काफी वृद्धि हुई है। 2021 में उनकी चल संपत्ति 1.10 करोड़ रुपये थी, जो 2026 में बढ़कर 2.56 करोड़ रुपये हो गई। इस वृद्धि का मुख्य कारण उनके पास मौजूद लगभग 830 ग्राम सोने के आभूषणों की कीमत में बढ़ोतरी बताया गया है। वहीं, अचल संपत्ति लगभग समान बनी रही और 1.28 करोड़ रुपये के आसपास दर्ज की गई। कर्ज के मामले में भी कमी आई है, जो 2021 में 19.71 लाख रुपये था और 2026 में घटकर लगभग 12.01 लाख रुपये रह गया।

परिवार की आय के संदर्भ में 2021 के हलफनामे में उन्होंने अपने पति की आय का विवरण दिया था, जिसमें 2015-16 से 2019-20 के बीच उनकी कुल आय 52.75 लाख रुपये बताई गई थी। हालांकि 2026 के हलफनामे में पति की आय का कोई उल्लेख नहीं किया गया है।

आपराधिक मामलों की बात करें तो 2021 के हलफनामे में उनके खिलाफ केवल दो मामलों का जिक्र था, लेकिन 2026 तक यह संख्या बढ़कर 18 हो गई है। इन मामलों में विभिन्न वर्षों के दौरान अलग-अलग थानों में दर्ज शिकायतें शामिल हैं, जिनमें आसनसोल, खड़गपुर, आगरा, रानीगंज, भवानीपुर, बीरभूम सहित कई स्थानों के मामले शामिल हैं।

उनके खिलाफ दर्ज आपराधिक मामलों की संख्या में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है, जो राजनीतिक और सार्वजनिक जीवन के संदर्भ में एक महत्वपूर्ण पहलू बनकर उभरता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार