आसनसोल एन एच-19 पर हथियारबंद बदमाशों का तांडव, एक घायल
पश्चिम बर्दवान, 13 सितंबर (हि. स.)। राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर दिल्ली पब्लिक स्कूल के समीप नाइट ड्यूटी पर जा रहे एक कर्मचारी पर कथित तौर पर बाइक सवार बदमाशों ने गोली चला दी। घटना में कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान सालानपुर के अल्लाडी पंचायत अंतर्गत धागुड़ी निवासी हरिदास लायक (43) के रूप में हुई है। इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार हरिदास बाइक से आसनसोल स्थित श्रीहरि ग्लोबल स्कूल में नाइट ड्यूटी के लिए जा रहे थे। इसी दौरान डीपीएस के पास तीन नकाबपोश बाइक सवारों ने उन्हें रोकने की कोशिश की।
आरोप है कि बदमाशों ने उनका बैग छीनने का प्रयास किया। विरोध करने पर हमलावरों ने कथित तौर पर दो राउंड फायरिंग की। इनमें से एक गोली हरिदास के पैर में लगी। गोली लगने के बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और मोबाइल से हमलावरों का वीडियो बनाने का प्रयास किया। इसके बाद तीनों आरोपित मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना पाकर सलानपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए ईएसआई अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने घटनास्थल से एक इस्तेमाल किया हुआ कारतूस बरामद किए जाने की बात कही है।
फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और हमलावरों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

