home page

आसनसोल बाजार में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पर घमासान

 | 
आसनसोल बाजार में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पर घमासान


आसनसोल, 11 जुलाई (हि.स.)।

आसनसोल बाजार में नगर निगम और पुलिस प्रशासन की ओर से शुक्रवार को चलाए गए अतिक्रमण हटाओ अभियान को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। अभियान के बाद शनिवार को आसनसोल उत्तर के भाजपा विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी बाजार पहुंचे और प्रभावित दुकानदारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं।

इस दौरान विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी ने कहा कि जिस तरीके से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई, वह उसका समर्थन नहीं करते। उनका कहना था कि दुकानदारों को पर्याप्त समय दिए बिना इस तरह की कार्रवाई करना उचित नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि आसनसोल नगर निगम के कुछ अधिकारियों ने जानबूझकर ऐसी कार्रवाई की, जिससे शहर में अशांति का माहौल बने।

भाजपा विधायक ने कहा कि एक जनप्रतिनिधि होने के नाते वह पूरे मामले को गंभीरता से उठाएंगे और जिन अधिकारियों की भूमिका संदिग्ध होगी, उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की पहल करेंगे। उन्होंने यह भी दावा किया कि राज्य की नगर विकास एवं नगर निगम मामलों की मंत्री कभी भी बिना पूर्व सूचना और पर्याप्त समय दिए इस तरह अतिक्रमण हटाने का निर्देश नहीं दे सकतीं।

कृष्णेंदु मुखर्जी ने आरोप लगाया कि नगर निगम के कुछ अधिकारियों ने अपनी कार्यशैली से राज्य सरकार की छवि धूमिल करने का प्रयास किया है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

गौरतलब है कि शुक्रवार को चले अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान कई दुकानदारों ने भी प्रशासन की कार्रवाई पर नाराजगी जताई थी। उनका कहना था कि उन्हें सामान हटाने के लिए पर्याप्त समय नहीं दिया गया।

आसनसोल नगर निगम विधायक कृष्णेन्दु मुखर्जी, मंत्री अग्निमित्र पाल तथा कांग्रेस के नेता प्रसनजीत पुइतुंडी, शाह आलम खान हॉकर्स यूनियन के लोगों ने त्रिपक्षीय बैठक की। बैठक में शुक्रवार को फुटपाथ पर चले बुलडोजर अभियान के खिलाफ कार्रवाई के मुद्दे पर चर्चा हुई। इस अभियान के लिए जिम्मेदार तीन लोगों को कारण बताओं नोटिस जारी किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा